1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ब्लूटूथ की आवाज से खुला राज; 4 को दबोचा

सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ब्लूटूथ की आवाज से खुला राज; 4 को दबोचा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 15, 2026 11:44 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 11:44 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर से पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरपुर: बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक बार फिर हाईटेक नकल गिरोह सक्रिय होने का मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज के माध्यम से कदाचार कराने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 4 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।

संदिग्ध गतिविधियों से खुला राज

मामला 14 जून को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के दौरान का है। मुजफ्फरपुर के चैपमैन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध दिखने पर उसकी सघन जांच की गई, तो सबके होश उड़ गए। परीक्षार्थी के पास से माइक्रोफोन, इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण और अन्य तकनीकी सामग्रियां बरामद की गईं, जिनका उपयोग परीक्षा में अवैध रूप से मदद लेने के लिए किया जा रहा था। केंद्र अधीक्षक की लिखित शिकायत पर मिठनपुरा थाने में कांड दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेस कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में नगर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01), जिला आसूचना इकाई (DIU) और मिठनपुरा थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने पटना और भोजपुर जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई में गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया गया, जो परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल-

  • पंकज कुमार यादव (थाना- शाहपुर, जिला- भोजपुर)
  • प्रकाश कुमार (थाना- मुफस्सिल, जिला- भोजपुर)
  • संजय कुमार सिंह उर्फ रंजन सिंह (थाना- बाबूरा, जिला भोजपुर; वर्तमान निवासी- थाना बिहटा, जिला पटना)
  • पवन कुमार (थाना- बिहिया, जिला– भोजपुर)

भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण बरामद

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने नकल के खेल में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। इसमें तीन मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज, एक इयरबड, दो आधार कार्ड, दो प्रवेश पत्र, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक कॉपी बरामद की गई।

चार आरोपी गिरफ्तार

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा में सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के क्रम में उस लड़के से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और माइक्रोफोन बरामद किया। उसकी निशानदेही पर एक और लड़के से वॉकी टॉकी बरामद की गई। ये वहीं से सवाल बता रहे थे और उसका जबाब भी दे रहे थे। इनका एक संगठन है। दो लोग पंकज कुमार और प्रकाश यादव को मौके से गिरफ्तार किया गया। इसकी निशानदेही पर संजय सिंह और पवन को पटना से उठाया गया। पूछताछ में पता चला कि संजय कुमार परीक्षा की सेटिंग करता था। मामले की जांच की जा रही है। (इनपुट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

ठेले वाले जूस में मांस का टुकड़ा मिलाने का आरोप, भीड़ ने दुकानदार को पीटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।