1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जमीन विवाद में ढाई साल की बच्ची की हत्या, मासूम पर ईंट से हमले का आरोप

जमीन विवाद में ढाई साल की बच्ची की हत्या, मासूम पर ईंट से हमले का आरोप

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 20, 2026 03:03 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 03:03 pm IST

दो डिसमिल जमीन को लेकर चल रहे विवाद में ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद एक महिला ने बच्ची पर ईंट से हमला कर दिया।

अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में बच्ची ने तोड़ा दम- India TV Hindi
अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में बच्ची ने तोड़ा दम Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के बराही वार्ड नंबर-7 में रविवार को महज दो डिसमिल जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। इस विवाद में एक ढाई साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के बाद विपक्षी पक्ष की एक महिला ने ढाई वर्षीय बच्ची पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची की इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बराही वार्ड नंबर-7 निवासी दीनबंधु कुमार का सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के परिवार से करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर दीनबंधु कुमार और उनकी पत्नी रिंकी कुमारी ने तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद जब वे घर पहुंचे, तभी विपक्षी पक्ष की महिला रेणु देवी ने उनकी छोटी बेटी पर ईंट से हमला कर दिया।

मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत

ईंट से हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शिवहर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।

परिजन बच्ची को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर सीधे तरियानी थाना पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जमीन विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले को शांत कराया गया था। इसके कुछ ही देर बाद बच्ची पर हमला किए जाने की सूचना मिली। पुलिस जमीन विवाद से लेकर बच्ची पर हुए हमले तक सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल टीम द्वारा भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

बच्ची की मौत के बाद उसकी मां रिंकी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मासूम बेटी पर ईंट से हमला किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मृतका के पिता दीनबंधु कुमार ने बताया कि करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के परिवार से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के कारण बच्ची पर हमला किया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- समीर कुमार झा)

ये भी पढ़ें-

लखनऊ में आज 912 युवाओं को CM योगी ने बांटा नियुक्ति पत्र, पुलिस विभाग में होगी तैनाती

मायावती का बड़ा फैसला- ईशान आनंद को BSP में किया जाएगा आगे, आकाश और बहन रहेंगे दूर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।