1. Hindi News
  2. बिहार
  3. समस्तीपुर में सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या, बुलेट पर लदे थे सोने चांदी से भरे बैग, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर में सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या, बुलेट पर लदे थे सोने चांदी से भरे बैग, जांच में जुटी पुलिस

 Published : Oct 27, 2026 11:09 am IST,  Updated : Oct 27, 2026 11:13 am IST

समस्तीपुर में सरेआम एक ज्वेलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोना कारोबारी दुकान बंद करके बुलेट से घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। हत्या के बाद अपराधी सोना-चांदी से भरा बैग और बाइक छोड़कर फरार हो गए।

समस्तीपुर में ज्वेलर की हत्या- India TV Hindi
समस्तीपुर में ज्वेलर की हत्या Image Source : INDIA TV

बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात दल सिंह सराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव में बदमाशों ने एक सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पगड़ा गांव निवासी 38 साल के राजकुमार पोद्दार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं सरेआम गोलीबारी की इस घटना से गांव वाले और परिजन सदमे में हैं।

ज्वेलर की गोली मारकर हत्या

जानकारी के अनुसार, राजकुमार पोद्दार दल सिंह सराय के काली चौक पर अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद करने के बाद बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पगड़ा गांव के पास अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि उन्हें पेट और कमर के बीच दो गोलियां लगी थीं। इस घटना में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दल सिंह सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक कारतूस बरामद किया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सोने चांदी से भरा बैग छोड़कर फरार हमलावर

इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राजकुमार पोद्दार की बुलेट बाइक घटनास्थल पर सुरक्षित मिली। बाइक पर सोना-चांदी से भरा बैग भी पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि कारोबारी दुकान का सामान लेकर घर लौट रहे थे। सामान और बाइक सुरक्षित मिलने की वजह से इस मर्डर में लूट की आशंका कम नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रही है। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि अपराधियों ने कारोबारी को लूटपाट के दौरान निशाना बनाया या उनकी हत्या के पीछे कोई अन्य वजह थी।

परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ

वारदात की सूचना मिलने के बाद दल सिंह सराय के डीएसपी और समस्तीपुर के ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

इस मामले में ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इस संभावना की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं अपराधी कारोबारी का पीछा तो नहीं कर रहे थे और उन्होंने पहले से ही हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस मृतक के परिजनों और उनकी दुकान से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

सुनील कुमार, समस्तीपुर

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।