1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में एक और मर्डर से सनसनी, स्कूल प्रबंधक के सिर में मारी गोली; आरोपी फरार

पटना में एक और मर्डर से सनसनी, स्कूल प्रबंधक के सिर में मारी गोली; आरोपी फरार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 07, 2025 08:59 am IST,  Updated : Jul 07, 2025 08:59 am IST

राजधानी पटना में एक और हत्या की घटना सामने आई है। यहां खगोल इलाके में बदमाशों ने एक स्कूल प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

स्कूल प्रबंधक की गोली मारकर हत्या।- India TV Hindi
स्कूल प्रबंधक की गोली मारकर हत्या। Image Source : INDIA TV

पटना: बिहार की राजधानी पटना में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। पुलिस एक घटना का निष्पादन कर नहीं पाती तब तक अपराधियों द्वारा दूसरी घटना को अंजाम दे दिया जा रहा है। ताजा मामला पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां DAV पब्लिक स्कूल के पास अपराधियों ने निजी स्कूल संचालक को गोली मार दी। इस घटना में स्कूल संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि घटना के सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

स्कूटी से लौटते समय मारी गोली

मृतक की पहचान खगौल थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव के रहने वाले अजित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजित कुमार स्‍कूटी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से अजित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी गोली मारकर वहां से फरार हो गई। पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्‍जे में लेकर पोस्‍टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्‍पताल दानापुर भेज दिया है। 

जांच के लिए एसआईटी का गठन

पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया है। घटना के संबंध मे नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि स्‍कूटी सवार एक व्‍यक्ति की बदमाशों ने गोली मारकर हत्‍या कर दी। अपराधियों ने एक गोली मृतक के सिर में मारी है। मौके से गोली का खोखा बरामद किया गया है। इसके अलावा एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्‍द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (इनपुट- इश्तियाक)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।