1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: दूल्हे के अपहरण के बाद ऑर्केस्टा बैन, महिला डांसरों को जिला छोड़ने का आदेश, संचालकों से बॉन्ड भरवाया

बिहार: दूल्हे के अपहरण के बाद ऑर्केस्टा बैन, महिला डांसरों को जिला छोड़ने का आदेश, संचालकों से बॉन्ड भरवाया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 26, 2025 06:20 pm IST,  Updated : May 26, 2025 06:20 pm IST

ऑर्केस्ट्रा के कारण शुरू हुए विवाद ने गोपालगंज में विकराल रूप ले लिया था। इस घटना में दूल्हे का ही अपहरण कर लिया गया। इसके बाद प्रशासन ने ऑर्केस्ट्रा पर बैन लगाने का फैसला किया है।

Ban on orchestra- India TV Hindi
गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा पर बैन Image Source : INDIA TV

बिहार के गोपालगंज में प्रशासन ने ऑर्केस्ट्रा पर बैन लगा दिया है। 23 मई की रात मंडप से दूल्हे के अपहरण की सनसनीखेज घटना के बाद जिला प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर जिले में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही बंगाल, ओड़िशा समेत अन्य राज्यों से आई महिला डांसरों को तत्काल ऑर्केस्ट्रा बंद कर जिला छोड़ने का आदेश दिया गया है। ये सभी चिन्हित ऑर्केस्ट्रा संचालक हैं, जिनके द्वारा लगातार समाज में अश्लीलता फैलाई जा रही थी। हर्ष फायरिंग के साथ अश्लील गानों को बढ़ावा दिया जा रहा था।

एसपी के निर्देश पर सोमवार को जिले भर के सभी थानों में ऑर्केस्ट्रा संचालकों की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में पुलिस ने साफ कर दिया कि अब किसी भी शादी या सार्वजनिक कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी संचालकों से बॉन्ड भरवाया गया, जिसमें यह शर्त रखी गई कि वे कानून व्यवस्था भंग नहीं करेंगे और किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।

23 मई को क्या हुआ था?

पुलिस जांच में सामने आया है कि 23 मई की रात एक शादी समारोह में लौंडा नाच के दौरान विवाद हुआ, जिसमें ऑर्केस्ट्रा से जुड़े युवकों ने मिलकर दूल्हे का अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद से प्रशासन सख्त हो गया है। इससे पहले भोजपुरी की डांसर माही-मनीषा के ऑर्केस्ट्रा में मारपीट हुई थी। पुलिस का मानना है कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में कई जगह अश्लीलता परोसी जा रही है। मानव तस्करी के मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा हर्ष फायरिंग, हथियार लहराने और अभद्र गीत बजाने जैसी घटनाएं भी हुई हैं।

डांसर क्या बोलीं?

ऑर्केस्ट्रा संचालकों और डांसरों का कहना है कि वे कला के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। एक डांसर ने कहा, "हम दूसरे राज्य से आकर मेहनत करते हैं। ऑर्केस्ट्रा पर बैन से हमारे परिवारों के सामने संकट खड़ा हो जाएगा।" फिलहाल, प्रशासन की सख्ती के बीच जिले में ऑर्केस्ट्रा पूरी तरह बंद हो चुका है और सभी डांसरों को जांच प्रक्रिया पूरी होने तक घर लौटने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

(गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।