1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नशे में धुत दरोगा ने गड्डे में फंसा दी गाड़ी, आर्मी का जवान मदद करने पहुंचा तो चला दी गोली, आंख में बारूद लगने से घायल

नशे में धुत दरोगा ने गड्डे में फंसा दी गाड़ी, आर्मी का जवान मदद करने पहुंचा तो चला दी गोली, आंख में बारूद लगने से घायल

 Published : Jul 13, 2026 11:41 pm IST,  Updated : Jul 14, 2026 12:08 am IST

आर्मी का जवान जब गड्ढे में फंसी गाड़ी को निकालने में मदद करने पहुंचा तो नशे में धुत दरोगा ने उसी पर गोली चला दी। जवान की जान बाल-बाल बची, लेकिन गोली का बारूद उनकी आंख में चला गया। इससे वह घायल हो गए।

Bhagwanpur car- India TV Hindi
आरोपी दरोगा की कार Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के हाजीपुर में वर्दी के रौब और शराब के नशे में धुत एक दरोगा ने आर्मी के जवान पर गोली चला दी, जिससे उसकी आंख में हल्की चोट आई है। गनीमत रही कि गोली जवान को नहीं लगी। हालांकि, गोली का बारूद जवान की आंख में चला गया, जिससे वह घायल हो गए। मामला हाजीपुर-मुजफ्फरपुर नेशनल हाईवे-22 का है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के बांथू गांव के पास सुबह के समय एक गाड़ी सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो कर गड्ढे में फंस गई। गाड़ी पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। हादसे के बाद गाड़ी में सवार एक व्यक्ति ने मदद के लिए सड़क किनारे बने एक घर का दरवाजा खटखटाया।

सड़क किनारे बने घर में मौजूद लोगों ने गड्डे में फंसी हुई गाड़ी निकालने में मदद भी की। हालांकि, इसके बाद नशे में धुत व्यक्ति खुद दरोगा बताते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध जब आर्मी जवान रजनीश ने किया तब नशे में धुत दरोगा ने आर्मी जवान पर नजदीक से गोली चला दी, जिसमें वह बाल बाल बच गया। 

सर्विस रिवाल्वर और शराब की बोतल बरामद

गोली चलने के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी भगवानपुर थाना की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी से दरोगा की सर्विस रिवाल्वर और शराब की एक बोतल भी बरामद किया। पुलिस आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी हुई है। इस घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि दीपक कुमार दरोगा हैं, जो फारबिसगंज में पोस्टेड हैं। संभवतः वह अपनी गाड़ी से वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान यह घटना हुई। 

दरोगा की हरकत से शर्मसार हुई वर्दी

इस घटना के बाद बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि शराबबंदी वाले बिहार में शराबबंदी कानून की रक्षा करना जिस पुलिस का कर्तव्य है, वही अपनी हरकतों से ना सिर्फ शराबबंदी कानून का मजाक बना रही है, बल्कि पुलिस की वर्दी को भी शर्मसार कर रही है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारी ने बताया घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बफापुर बापु गांव की है। घटना सुबह 4:30 बजे हुई। बफापुर बामपुर के गंगा सिंह का घर हाईवे से सटा हुआ है। ये अपने घर में सोए हुए थे। 4:30 बजे एक व्यक्ति इनके ग्रिल को खटखटाया। उसके बाद यह जगे पूछे क्या बात है? उस व्यक्ति ने बताया कि मेरी गाड़ी गड्ढे में चली गई है। मेरी मदद करो। वह नशे की हालत में था तो गंगा सिंह उठे और फिर उनका लड़का रजनीश भी मदद के लिए आया। रजनीश आर्मी का जवान है। दोनों पिता-पुत्र मिलकर गाड़ी को गड्ढे से बाहर निकाल दिए। इसके बाद बोले कि आप चले जाइए, लेकिन वह नशे में था और जाना नहीं चाह रहा था। अनाब-सनाब बके जा रहा था। इस तरह से करीब एक घंटा का समय बीत गया।

गोली चलने के बाद बुलाई पुलिस

आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए बाएं हाथ से सेना के जवान की गर्दन पकड़ ली और पिस्तौल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। संयोग गोली बाएं आंख के बगल से गुजरी, लेकिन उनकी आंख में चोट आई है। वह इलाज कराने गए। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ा, उसकी पिस्तौल छीनी और पुलिस को जानकारी दी। थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को गोली का खोखा भी मिला है। जांच करने के बाद पता चला कि आरोपी का नाम दीपक कुमार है और वह जहानाबाद का रहने वाला है। अररिया जिले के भारविसगंज थाना में एएसआई के पद पर पोस्टेड है। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। एफएसएल टीम ने घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

(हाजीपुर से राजाबाबू की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बिहार दारोगा परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, बायोमेट्रिक कर्मी ही निकलें गैंग के मास्टरमाइंड, पुलिस ने धर दबोचा

कल किया डबल मर्डर, आज एनकाउंटर में घायल, तेजस्वी यादव के चुनावी क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।