1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बाल-बाल बचे तेजस्वी यादव, काफिले में तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, 2 सुरक्षाकर्मी और 1 ड्राइवर घायल-VIDEO

बाल-बाल बचे तेजस्वी यादव, काफिले में तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, 2 सुरक्षाकर्मी और 1 ड्राइवर घायल-VIDEO

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 07, 2025 08:10 am IST,  Updated : Jun 07, 2025 08:43 am IST

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने काफिले के साथ मधेपुरा से पटना लौट रहे थे। देर रात वह चाय पीने के लिए वह हाईवे पर रुके थे। तभी हाजीपुर के गोरौल के पास ये हादसा हुआ है।

घायलों को देखने पहुंचे तेजस्वी यादव- India TV Hindi
घायलों को देखने पहुंचे तेजस्वी यादव Image Source : INDIA TV

बिहार के हाजीपुर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बाल-बाल बच गए। तेजस्वी यादव के काफिले में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी है। 2 पुलिसवाले और एक ड्राइवर गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। साथ ही काफिले में मौजूद कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं हैं। तेजस्वी यादव ने कहा सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। 

चाय पी रहे थे तेजस्वी यादव, तभी हुआ हादसा

दरअसल, आधी रात में चाय पीने के लिए तेजस्वी यादव का काफिला हाजीपुर के गोरौल में रुका था। तेजस्वी यादव चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनकी आंखों के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने काफिले में खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रक ने तेजस्वी के काफिले की तीन-चार गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। तेजस्वी के एस्कॉर्ट के साथ चल रहे एक दरोगा, एक सिपाही और ड्राइवर जख्मी हो गए।

घायलों को देखने पहुंचे तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव के काफिले में ट्रक की टक्कर लगने के बाद घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेजस्वी यादव, RJD विधायक डॉक्टर मुकेश रोशन, वैशाली सिविल सर्जन समेत कई लोग सदर अस्पताल घायलों को देखने पहुंचे। 

मधेपुरा से पटना लौट रहे थे तेजस्वी यादव

हाजीपुर में NH-22 गोरौल के पास की घटना है। तेजस्वी यादव के काफिले में टक्कर लगने की घटना शुक्रवार रात 2:00 बजे के करीब की है। तेजस्वी यादव अपने काफिले के साथ मधेपुरा से पटना लौट रहे थे। तभी हाजीपुर के पास ये हादसा हुआ है।

जानिए इस हादसे को लेकर क्या बोले तेजस्वी यादव?

तेजस्वी यादव ने कहा है कि हम जहां खड़े थे। वहां से मात्र 5 फीट की दूरी पर ही यह घटना हुई। थोड़ा सा भी अनबैलेंस होता तो, हम लोगों पर भी गाड़ी आ सकती थी। इस दुर्घटना को लेकर जो भी लापरवाह लोग हैं। उन पर एक्शन होना चाहिए। चाहे कोई भी हो। आए दिन लगातार दुर्घटना हो रही हैं। देश में ज्यादातर सड़क दुर्घटना में ही लोग मारे जा रहे हैं।

इस मामले की होनी चाहिए जांच- विधायक रोशन

तेजस्वी यादव के सहयोगी विधायक मुकेश रोशन ने कहा कि कहीं ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में तो ऐसी घटना को अंजाम नहीं दिया, इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस को भी इस मामले में शिकायत दी गई है।

रिपोर्ट- बाबू राजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।