1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'माफी मांगो वरना...', हिजाब खींचने पर पाकिस्तानी डॉन ने नीतीश को दी धमकी, एक्शन में बिहार पुलिस

'माफी मांगो वरना...', हिजाब खींचने पर पाकिस्तानी डॉन ने नीतीश को दी धमकी, एक्शन में बिहार पुलिस

 Published : Dec 18, 2025 12:43 pm IST,  Updated : Dec 18, 2025 12:50 pm IST

नीतीश कुमार के हिजाब खींचने से भारत में सियासत गर्मा गई है तो उधर पाकिस्तान में भी हाहाकार मचा हुआ है। पाकिस्तानी डॉन शहज़ाद भट्टी ने भी नीतीश कुमार को धमकी दी है।

nitish kumar hijab controversy- India TV Hindi
नीतीश कुमार के हिजाब मामले पर विवाद बढ़ा। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर पाकिस्तान तक में हंगामा मचा है। पिछले दिनों सीएम नीतीश ने एक मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब हटा दिया था जिसे लेकर पाकिस्तान के कट्टरपंथी भड़के हुए हैं। पाकिस्तान में मौलाना से लेकर हुकमरान तक नीतीश कुमार की निंदा कर रहे हैं। नीतीश कुमार को पाकिस्तानी डॉन शहज़ाद भट्टी ने भी धमकी दी है।

'माफी मांगो, फिर मत कहना चेतावनी नहीं दी'

दरअसल, 15 दिसंबर को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान एक महिला डॉक्टर हिजाब पहनकर आई तो नीतीश कुमार ने पूछा कि यह क्या है और उसे अपने हाथ से हटा दिया। सीएम नीतीश के इस कदम से भारत में सियासत गर्मा गई है तो उधर पाकिस्तान में भी हाहाकार मचा हुआ है। हिजाब मामले में शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी करके कहा है कि नीतीश कुमार सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें वरना बाद में ये मत कहना की चेतावनी नहीं दी गई थी। 

वीडियो में शहजाद भट्टी कहते दिख रहा है, ''अच्छा जी… सारे लोगों ने देखा होगा ये बिहार वाले ने क्या हरकत की है। मुसलमान… एक बेटी के साथ। बाद में ये तुम लोग कहते हो मेरे ऊपर चीज़ें लगाते हो कि शहज़ाद भट्टी ने ये कर दिया, शहज़ाद भट्टी ने वो कर दिया। इसको आप ख़ुद से कहें इसके पास टाइम है ये माफ़ी मांग ले इस बच्ची से… इस औरत से तो बेहतर है… फिर बाद में तुम लोगों ने मेरे ऊपर चीज़ें डालनी हैं कि ये कर दिया, वो कर दिया। पहले तुम लोग ये नहीं देखते हो कि तुम लोग मुसलमान बच्चियों को इतने अच्छे ओहदे पर… इतने बड़े ओहदे पर बंदा बैठा है और वो किसी मुसलमान बेटी के साथ ये हरकत करे कुछ दिनों में माफ़ी मंगवा लो इससे। जो भी इदारे हैं, सरकार है या कुछ भी है बाद में फिर गिला नहीं करना बाद में फिर चीख़ें नहीं मारनी हैं बाद में फिर ये नहीं कहना कि शहज़ाद भट्टी ये…शहज़ाद भट्टी वो।''

धमकी के बाद एक्शन में बिहार पुलिस

उधर, पाकिस्तानी डॉन की इस धमकी के बाद बिहार पुलिस एक्शन में हैं। डीजीपी ने डॉन शहज़ाद भट्टी के वीडियो की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने पटना IG से वीडियो की जांच करने को कहा है। साइबर थाने में वीडियो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नीतीश कुमार ने बहुत गलत काम किया- मौलाना

वहीं, आपको बता दें कि पाकिस्तान में मौलाना से लेकर हुकमरान तक नीतीश कुमार की निंदा कर रहे हैं।  पाकिस्तानी मौलाना मुसलमानों से अपील कर रहे हैं कि वो नीतीश कुमार की निंदा करें। वहीं पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मंत्री उज़मा बुखारी ने भी मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने को लेकर नीतीश कुमार पर हमला बोला है। 

नीतीश के सपोर्ट में क्या बोले गिरिराज सिंह?

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव किया है। मुख्यमंत्री द्वारा हिजाब हटाने पर उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार ने कोई गलत काम नहीं किया है। अगर कोई नियुक्त पत्र लेने के लिए जा रहा है तो क्या वो अपना चेहरा नहीं दिखाएगी? ये कोई इस्लामिक देश है?...भारत में कानून का राज चलेगा। नीतीश कुमार ने सही किया।"

यह भी पढ़ें-

'वो भी तो आदमी हैं, कहीं और छू देते तो...', हिजाब खींचने पर नीतीश के सपोर्ट में संजय निषाद का आपत्तिजनक बयान

हिजाब खींचने पर नीतीश कुमार पर भड़कीं सपा सांसद इकरा हसन, महबूबा मुफ्ती भी भड़कीं, Tweet कर कह दी ऐसी बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।