1. Hindi News
  2. बिहार
  3. प्रेमी के साथ भाग गई पत्नी, पति की संदिग्ध हालात में मौत, महिला और उसके बॉयफ्रेंड पर मर्डर का केस दर्ज

प्रेमी के साथ भाग गई पत्नी, पति की संदिग्ध हालात में मौत, महिला और उसके बॉयफ्रेंड पर मर्डर का केस दर्ज

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 27, 2025 10:16 am IST,  Updated : Dec 27, 2025 10:24 am IST

बांका में एक शादीशुदा महिला पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। इसके बाद पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पति, पत्नी और प्रेमी की फोटो- India TV Hindi
पति, पत्नी और प्रेमी की फोटो Image Source : REPORTER

बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कैथा गांव निवासी गोपाल पंजिकार के 30 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार उर्फ सेठो पंजिकार के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में मामला दर्ज कराया है।

परिजनों ने पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक की मां मंजू देवी सहित अन्य स्वजनों ने आरोप लगाया है कि अनुज की पत्नी नेहा पंजिकार और करसोप निवासी कैलाश साह का पुत्र आदर्श प्रताप उर्फ कुमार ने मिलकर अनुज की हत्या करवाई है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमर विश्वास, दारोगा आदर्श कुंदन, मु. शहजाद, सौरभ कुमार सहित अन्य पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद जांच के लिए भागलपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल और मृतक के शरीर से कई नमूने एकत्र किए हैं।

मानसिक तनाव में था पति

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, अनुज पिछले पांच दिनों से गहरे मानसिक तनाव में था। बताया गया कि उसकी पत्नी नेहा पंजिकार बीते करीब 25 दिनों से प्रेमी आदर्श प्रताप के साथ रह रही थी। इस बात को लेकर अनुज मानसिक रूप से परेशान रहता था। रोज की तरह घटना के दिन भी अनुज सुबह नाश्ता करने के बाद शंभूगंज गया था। शाम को घर लौटने पर उसने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। हालत बिगड़ने पर एक ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया गया, जिसने दवा दी, लेकिन कुछ ही देर बाद अनुज की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक एंटीबायटिक दवा भी बरामद की है।

जिद करने पर गुजरात से वापस घर भेजा

परिजनों ने बताया कि अनुज रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहता था और पत्नी व दो पुत्रियों को भी साथ रखता था। करीब एक माह पूर्व पत्नी की जिद पर उसने दोनों बेटियों को ट्रेन से घर भेज दिया। भागलपुर जंक्शन तक पति-पत्नी के बीच बातचीत होती रही, लेकिन वहां से नेहा अपने प्रेमी आदर्श प्रताप के साथ शंभूगंज बाजार स्थित उसके घर चली गई। बाद में उसने अनुज को हमेशा के लिए छोड़ने की बात कह दी।

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

बताया गया कि नेहा और आदर्श प्रताप के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। एक सप्ताह पूर्व अनुज ने पत्नी को बंधक बनाए जाने की शिकायत को लेकर शंभूगंज थाना में आवेदन दिया था। पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया था, जहां नेहा ने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई थी। इसके बाद से अनुज और अधिक तनाव में रहने लगा।

अनुज दो भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई नीरज पंजिकार दिल्ली में रहता है। घटना के बाद पत्नी नेहा पंजिकार और प्रेमी आदर्श प्रताप फरार बताए जा रहे हैं। दारोगा सौरभ कुमार ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ अमर विश्वास ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।

रिपोर्ट- दीपक कुमार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।