1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नवादा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर की हत्या, साले पर भी किया चाकू से वार

नवादा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर की हत्या, साले पर भी किया चाकू से वार

 Published : Jul 04, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 01:11 pm IST

बिहार के नवादा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने सो रही पत्नी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। जानें क्या है पूरा मामला।

नवादा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर की हत्या, साले पर भी किया चाकू से वार- India TV Hindi
नवादा में पति ने पत्नी की चाकू मारकर की हत्या, साले पर भी किया चाकू से वार Image Source : INDIA TV

बिहार के नवादा जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद में एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए अपने साले पर भी आरोपी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

कहां की घटना 

घटना वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुर गांव की है। मृतका की पहचान खानापुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह की 27 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि वर्ष 2018 में पूजा की शादी चैनपुरा गांव निवासी चंद्र मौली सिंह के साथ हुई थी। इस बीच पूजा ने एक बच्ची को भी जन्म दिया। गुरुवार को मामूली विवाद को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ और पति पूजा के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान पूजा एक कमरे में बंद हो गई और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी की मुझे पति से बचा लीजिए। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूजा को पति से बचाकर उसको मायके खानापुर गांव छोड़ दिया।

शुक्रवार की दोपहर अचानक सनकी पति अपने भाई के साथ ससुराल खानापुर गांव पहुंच गया और अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए भाई को भी जख्मी कर दिया। दोनों भाई-बहन को वारिसलीगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से चिंताजनक हालत में दोनों को पावापुरी रेफर कर दिया गया। पावापुरी में पूजा की मौत हो गई और उसके भाई को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति चंद्र मौली सिंह को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पिता ने बताई पूरी कहानी
मृतक पूजा कुमारी के पिता उपेंद्र सिंह ने अपने दामाद चंद्रमौली सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि चंद्रमौली सिंह और उसके ससुराल वाले उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उपेंद्र सिंह के मुताबिक, चार महीने पहले भी विवाद हुआ था। गुरुवार रात को फिर विवाद होने पर पुलिस की मदद से पूजा को उसके मायके लाया गया था। 

(रिपोर्ट - शैलेश कुमार सिंह)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।