जमुई (बिहार): राजनीतिक गलियारों में उस वक्त हलचल मच गई जब जमुई के सांसद अरुण भारती के लापता होने के कई पर्चे बुधवार की सुबह शहर के केकेएम कॉलेज के मुख्य द्वार के अलावा रजिस्ट्री ऑफिस और कचहरी चौक पास चिपके पाए गए। इससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। लापता सांसद के चिपके पर्चा का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा है। हालांकि फौरन लापता सांसद के चिपके पर्चे को हटा दिए गए हैं लेकिन इससे पहले तस्वीर मोबाइल में कैद हो चुकी थी। इस तस्वीर पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देने लगे हैं।
लापता होने के पोस्टर मिलने से राजनीतिक हलचल तेज
दरअसल, चिपके पर्चों में जमुई लोकसभा क्षेत्र के लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती को “लापता” बताया गया है। अरुण भारती केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जीजा हैं। पोस्टर सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और इसे राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
पिछले 2 महीने से जमुई नहीं आए अरुण भारती
बताया जा रहा है कि सांसद अरुण भारती पिछले करीब दो महीने से जमुई नहीं आए हैं। वे बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार के सिलसिले में अंतिम बार जमुई पहुंचे थे। इसके बाद से उनके क्षेत्र में सक्रिय रूप से नजर नहीं आने को लेकर कुछ लोगों में नाराजगी भी बताई जा रही है। हालांकि, इन पर्चों को किसने और किस उद्देश्य से चिपकाया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। न ही इस मामले पर सांसद अरुण भारती या उनकी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।
(रिपोर्ट- मो. अंजुम आलम)
यह भी पढ़ें-