पटना: एनडीए के अंदरखाने गजब का सियासी खेल देखने को मिल रहा है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने जिन 5 विधानसभा सीटों पर अपना दावा जताया था, उन पर जनता दल यूनाइटेड ने अपने उम्मीदवारों को टिकट दे दिया है। जनता दल यूनाइटेड ने आज अपने 57 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में वे पांच सीट शामिल हैं जिन पर लोक जनशक्ति (रामविलास) ने दावेदारी पेश की थी। ये सीटें हैं-सोनबरसा, मोरवा, एकमा, राजगीर और गायघाट।
Related Stories
सोनबरसा से रत्नेश सदा को टिकट
जेडीयू ने सोनबरसा से सीटिंग विधायक और राज्य सरकार में मंत्री रत्नेश सदा को टिकट दिया है। वहीं मोरवा से विद्यासागर निषाद, एकमा से धूमल सिंह, गायघाट से कोमल सिंह और राजगीर से कौशल किशोर को उम्मीदवार बनाया है। मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड के विधायक और समर्थक सीएम आवास पहुंच गए थे। उन्हें ऐसी शंका थी की उनका टिकट कट जाएगा। रत्नेश सदा तो इंटरव्यू के दौरान भावुक हो गए थे। लेकिन आज जनता दल यूनाइटेड ने जो लिस्ट जारी की उसमें वे पांच सीट शामिल हैं, जिन पर लोक जनशक्ति की ओर से दावा किया गया था।
क्या चिराग इन सीटों पर उतारेंगे अपने उम्मीदवार?
अब आगे यह देखना दिलचस्प होगा कि चिराग पासवान अपनी पार्टी लोक जनशक्ति (R) की लिस्ट में इन पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारते हैं या नहीं। अगर चिराग भी इन सीटों पर अपने उम्मीदवार देते हैं तो फिर यह एनडीए के अंदर एक बड़े घमासान का रूप ले सकता है।
चिराग के दावे वाली सीटें जिन पर JDU ने उतारे उम्मीदवार
| विधानसभा सीट | उम्मीदवार |
| सोनबरसा | रत्नेश सदा |
| मोरवा | विद्यासागर निषाद |
| एकमा | धूमल सिंह |
| गायघाट | कोमल सिंह |
| राजगीर | कौशल किशोर |
इन विधायकों का कटा टिकट
पार्टी की ओर से जारी की गई लिस्ट में बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मदन सहनी के नाम शामिल हैं। वहीं कुछ सीटिंग विधायकों के टिकट काटे गए हैं। जेडीयू ने बरबीघा के सिटिंग विधायक सुदर्शन कुमार का टिकट काट दिया है। सुदर्शन की जगह कुमार पुष्पंजय को टिकट मिला है। कुशेश्वरस्थान से अमन भूषण हजारी का टिकट पार्टी ने काट दिया है। हजारी की जगह जेडीयू ने अतिरेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। परसा से छोटे लाल यादव को जेडीयू ने टिकट दिया है। छोटे लाल यादव कुछ दिन पहले आरजेडी छोड़ कर जेडीयू में शामिल हुए थे। 2020 के चुनाव में वे आरजेडी के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे।