पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद चुन लिए गए हैं, इसलिए वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं है लेकिन अटकलें हैं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी इस पद के लिए प्रमुख दावेदार हैं। नीतीश कुमार इशारो-इशारों में सम्राट चौधरी को अपनी पसंद का नेता होने का संकेत भी दे चुके हैं। अब केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सम्राट चौधरी को लेकर बड़ा संकेत दिया है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दिया बड़ा संकेत
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सम्राट चौधरी के सीएम बनने को लेकर नीतीश कुमार की तरफ से संकेत दिए जाने पर कहा कि नीतीश कुमार पारदर्शी आदमी हैं। जो मन में सोचते हैं वह करते हैं। किसी के बारे में क्या सोचते हैं। वह कहते नहीं हैं लेकिन यदि ऐसा इंडिकेशन दे रहे हैं तो माना जाना चाहिए कि वह इससे पीछे नहीं हटेंगे और हम भी समझते हैं कि लगता है कि सम्राट चौधरी ही नीतीश कुमार के इच्छित व्यक्ति हो सकते हैं सीएम पद के लिए....।
जीतनराम मांझी ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत के बारे में कहा कि वह भी नए-नए राजनीति में आए हैं। निशांत बड़े सहनशील आदमी हैं, सबकी प्रतिष्ठा रखने वाले हैं, उनको जो जवाबदेही दी जाएगी उसको बहुत अच्छे से निर्वहन करेंगे।
मुख्यमंत्री का नाम राजग नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा
वहीं, बिहार बिहार इकाई के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि नीतीश कुमार के बाद संभावित नए मुख्यमंत्री को लेकर जारी चर्चाओं के बीच एनडीए में इस विषय पर कोई विवाद नहीं है और न ही यह फिलहाल चर्चा का विषय है। पटेल ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री का नाम राजग का नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा और वह निर्णय सभी सहयोगी दलों को स्वीकार्य होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजग के वरिष्ठ नेता हैं और नए मुख्यमंत्री के चयन में उनकी सहमति भी ली जाएगी।
पटेल ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार का बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पटेल ने कहा कि भविष्य में जो भी मुख्यमंत्री होगा, उसे नीतीश कुमार का आशीर्वाद, स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि राजग का लक्ष्य भारत को विकसित देश और बिहार को विकसित राज्य बनाना है तथा सभी को मिलकर इस दिशा में कार्य करना होगा। पटेल ने कहा कि जब भी आवश्यकता होगी, राजग का नेतृत्व सामूहिक रूप से नए मुख्यमंत्री के नाम पर निर्णय लेगा।