बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले भारतीय मूल के नेता कनिष्क नारायण ने ब्रिटेन की राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने उन्हें कैबिनेट स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री नियुक्त किया है। इसके साथ ही ब्रिटेन में पहली बार AI के लिए समर्पित मंत्रालय को सीधे कैबिनेट का दर्जा मिला है और इसकी जिम्मेदारी भारतीय मूल के युवा नेता को सौंपी गई है। मुजफ्फरपुर की छोटी-छोटी गलियों से शुरू हुआ कनिष्क का यह सफर दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र में से एक केंद्रीय मंत्रिमंडल तक पहुंच चुका है।
जानिए कनिष्क नारायण का सफर-
- कनिष्क नारायण का जन्म मुजफ्फरपुर शहर के दामुचक स्थित ऐतिहासिक सोंधो हाउस में हुआ था। 12 वर्ष की उम्र में उनका परिवार बेहतर भविष्य की तलाश में वेल्स की राजधानी कार्डिफ़ चला गया।
- शुरुआती दिनों में परिवार ने आर्थिक संघर्ष का सामना किया और एक छोटे से फ्लैट में रहते हुए कनिष्क ने स्थानीय सरकारी स्कूल से अपनी पढ़ाई शुरू की।
- बाद में उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया। राजनीति में आने से पहले वह ब्रिटेन के कैबिनेट ऑफिस में वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार रहे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री और वरिष्ठ मंत्रियों को नीतिगत सलाह दी।
- उन्होंने अमेरिका की सिलिकॉन वैली की कई प्रमुख टेक कंपनियों में भी काम किया। साल 2024 के आम चुनाव में कनिष्क लेबर पार्टी के टिकट पर वेल्स की वेल ऑफ ग्लैमॉर्गन सीट से सांसद चुने गए। वह इस क्षेत्र से चुने जाने वाले पहले एथनिक माइनॉरिटी सांसद भी बने।
- सितंबर 2025 में उन्हें AI एवं ऑनलाइन सेफ्टी मंत्री बनाया गया था और अब उन्हें कैबिनेट में पदोन्नत कर AI मंत्रालय की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
मुजफ्फरपुर से गहरा जुड़ाव
कनिष्क नारायण, मुजफ्फरपुर के प्रतिष्ठित एसकेजे लॉ कॉलेज के निदेशक जयंत कुमार के भतीजे हैं। उनके पिता संतोष कुमार और माता चेतना सिन्हा कार्डिफ़ में प्रतिष्ठित सॉलिसिटर हैं, जबकि बड़े भाई डॉ. गौतम नारायण लंदन में डॉक्टर हैं।
शिक्षाविदों ने जताया गर्व
कनिष्क नारायण की इस उपलब्धि पर एसकेजे लॉ कॉलेज की सचिव उज्ज्वला मिश्रा, सुशील कुमार मिश्रा, प्राचार्य डॉ. विमल किशोर, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता, प्रो. अंकज कुमार, प्रो. केकेएन तिवारी, डॉ. रत्नेश भारद्वाज, आशुतोष कुमार, चंदन कुमार और डॉ. ललित किशोर समेत कई शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
(रिपोर्ट- संजीव कुमार)
यह भी पढ़ें-
बिहार में शुरू हुई हेली-पर्यटन सेवा, 2100 रुपये में पटना की सैर, सीएम सम्राट ने किया शुभारंभ