बिहार के खगड़िया में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को नशीली दवा देकर बोरे में बंद किया और बच्चे के साथ सड़क किनारे फेंक दिया। बोरे में बंद महिला की मौत तय थी, लेकिन बच्चे के रोने की आवाज सुनकर सड़क से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची और डॉक्टरों ने महिला की जान बचा ली।
घटना खगड़िया नगर थाना क्षेत्र के भगत टोल की है। यहां रहने वाली खुशबु कुमारी को उसके पति ने ही नशीली दवा देकर पहले बेहोश कर दिया और फिर बोरे में बंद कर अपने पत्नी को मथुरापुर के टैंपो स्टैंड के पास फेंक दिया। आरोपी पति ने अपने दो साल के बच्चे को भी वही छोड़ दिया और चला गया। बच्चे के रोने की आवाज सुन आसपास के लोग पहुंचे और बोरे में बंद शव की सूचना पुलिस को दी। आनन फानन में पुलिस ने शव समझकर बंद बोरे को खोला तो उसमें जिंदा महिला मिली, जो बेहोश अवस्था में थी। इसके बाद उसे खगड़िया के सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही पुलिस
महिला के परिवार वालों ने बताया कि महिला का पति कटिहार में रहता है और उसे ले जाने के लिए गाड़ी से खगड़िया आया था, लेकिन रास्ते में ही उसे बेहोशी की अवस्था में बोरे में बंद कर सड़क पर फेंक दिया। पिड़ित महिला ने पति पर अवैध प्रेम प्रसंग का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारी का बयान
खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। वहां पर एक महिला का शव बोरे के अंदर था और उसके पास लगभग एक डेढ़ साल का बच्चा रो भी रहा था। तुरंत बोरे को पुलिस ने अपनी कस्टडी में लिया और जब उसको खोला तो पता चला कि उसमें एक महिला है, जो लगभग मृत प्राय स्थिति में है। महिला को तुरंत पास के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी बच्चा और मां दोनों खतरे से बाहर हैं। महिला को होश भी आ गया है। पुलिस ने इसमें जांच भी शुरू कर दी है।
जांच में सामने आई चौकाने वाली बातें
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इसमें कुछ चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं। महिला को उसके पति ने ही बोरे में बंद किया था। पति के द्वारा महिला को जान से मारने की नीयत से एक जहरीला पदार्थ इसको खिलाया गया था, जिसकी वजह से वह बेहोश हो गई। बेहोश होने के बाद इसको बोरे में बंद किया गया और उसको टाउन थाना के अंतर्गत एक जगह पर फेंक दिया गया था।
(खगड़िया से आशीष कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
ठेकेदार की पत्नी से इश्क, फिर ब्लैकमेलिंग और मर्डर, हाजीपुर में मजदूर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा