बिहार के हाजीपुर में हत्या की हैरान करने वाला खुलासा हुआ है, जहां एक मजदूर को मालकिन के साथ दिल लगाने की सजा मौत मिली है। ठेकेदार की पत्नी को मजदूर से प्यार हुआ और लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने पर शातिर मजदूर ने मालकिन के साथ अश्लील वीडियो और फोटो मोबाइल में कैद कर लिया और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग करने लगा। लंबे समय बाद मालकिन के पति ठेकेदार को पता चला तो खौफनाक साजिश रच और पैसा देने के बहाने मजदूर को बुलाया और सर में गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल यह मामला हाजीपुर के गोरौल इलाके के मटर माला गांव का है। यहां पिछले 8 जुलाई की रात को अमित कुमार नाम के एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में यह बात सामने आई कि अमित पिछले 5 साल से आशुतोष कुमार नाम के ठेकेदार के पास काम करता था और उसने अपनी कमाई के पैसे आशुतोष के पास ही जमा रखे थे। गांव में जमीन खरीदने के लिए जब अमित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो दोनों के बीच विवाद हो गया और इसी वजह से आशुतोष ने अमित को गोली मार दी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिवार को सौंप दिया था और हत्या में इस्तेमाल किए गए कट्टे को भी घटनास्थल से कुछ दूर झाड़ियों से बरामद कर लिया था।
अमित के मोबाइल फोन में मिले आपत्तिजनक वीडियो
पुलिस ने जब मजदूर अमित के मोबाइल फोन और उसमें मौजूद वीडियो की जांच की, तो एक बड़ा खुलासा हुआ। पता चला कि अमित का अपने ठेकेदार आशुतोष कुमार की पत्नी के साथ काफी समय से अफेयर चल रहा था। अमित ने अपनी मालकिन के साथ कुछ आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली थीं, जिनके जरिए वह उन्हें ब्लैकमेल करने लगा था। जब इस बात की भनक ठेकेदार आशुतोष को लगी, तो उसने अमित को ठिकाने लगाने की साजिश रची। आशुतोष ने पैसे देने के बहाने अमित को बुलाया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मर्डर करने के बाद वह वहां से भाग गया था, लेकिन पुलिस ने अब आरोपी ठेकेदार आशुतोष को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
एसपी शुभम मिश्रा ने इस मर्डर को लेकर क्या कहा?
वैशाली जिले के एसपी शुभम मिश्रा ने बताया कि बीते 8 तारीख को अमित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ठेकेदार आशुतोष कुमार की पत्नी के साथ मजदूर अमित का अफेयर था, इसी वजह से उसकी हत्या की गई। अमित ने अपनी मालकिन के साथ कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए थे, जिनके दम पर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। जब ठेकेदार आशुतोष को इस बात का पता चला, तो उसने अमित को रास्ते से हटाने का फैसला किया। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस हथियार से मर्डर हुआ, वह खुद अमित ने ही आशुतोष को दिया था। दोनों के बीच ठेकेदार और मजदूर का रिश्ता होने के बावजूद पारिवारिक संबंध बहुत अच्छे थे। लेकिन पत्नी के अफेयर और मजदूर द्वारा ब्लैकमेल कर नाजायज फायदा उठाने की कोशिश का अंजाम इस खौफनाक हत्याकांड के रूप में सामने आया।
हाजीपुर से राजा बाबू की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें-
पटना में एक ही घर से निकले 40 से अधिक गेहुअन सांप, मच गया हड़कंप, देखें Video
चूहे का शिकार करने गया 5 फीट लंबा कोबरा, खुद पिंजरे में फंस गया; देखें रेस्क्यू का शॉकिंग VIDEO