पटना: बिहार की राजधानी पटना में बीते कुछ दिनों से कोचिंग सेंटरों के बीच जमकर विवाद देखने को मिल रहा है। इस बीच एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ युवक रौशन आनंद की कोचिंग का बैनर फाड़ते दिख रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में बैनर फाड़ रहे युवकों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। इस पूरे विवाद के पीछे की वजह बैनर फाड़ने को ही माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। इस मामले में रौशन आनंद की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके अलावा खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
बैनर फाड़ने का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
जानकारी के मुताबिक पटना के कदमकुआं में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद का एक बैनर लगा था। आरोप है कि कुछ लोगों ने उस बैनर को फाड़ दिया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा था। इस घटना के बाद खान सर की खान ग्लोबल स्टडीज कैंपस में भी ईंट-पत्थर फेंके जाने, होर्डिंग तोड़ने और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस घटना में एक गार्ड घायल भी हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी के बाद से दोनों कोचिंग सेंटरों के बीच जमकर विवाद देखा जा रहा है।
बैनर फाड़ने के बाद बढ़ा बवाल
बैनर फाड़ने की घटना के बाद 2 जून की रात पटना में फैजल खान उर्फ खान सर की कोचिंग के बाहर भी बवाल हुआ था, जिसका वीडियो भी सामने आया। बवाल के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, अब फैजल खान उर्फ खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।
खान सर की तलाश कर रही पुलिस
जानकारी के मुताबिक, खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ये FIR कदमकुआं थाने दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस अब खान सर की गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश कर रही है। फैजल खान और उनके दोनों गार्ड पर दर्ज FIR में पुलिस ने गार्ड के बयान का जिक्र किया है। दोनों गार्ड ने पुलिस को बयान दिया है कि फैजल खान ने कहा कि देख क्या रहे हो गोली चलाओ। FIR में नाजायज तरीके से दहशत फैलाने एवं आमजनों में भय व्याप्त करने के लिए फायरिंग करने और करवाने का आरोप भी है।
यह भी पढ़ें-
फैजल खान उर्फ खान सर के वो 4 झूठ जो पड़ गए उन्हीं पर भारी, अब पुलिस कर रही गिरफ्तारी के लिए तलाश