1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रोहतास में खेसारी लाल यादव बोले– 'सरकार बदलिए ताकि रोजी-रोजगार मिले', पवन सिंह पर भी साधा निशाना

रोहतास में खेसारी लाल यादव बोले– 'सरकार बदलिए ताकि रोजी-रोजगार मिले', पवन सिंह पर भी साधा निशाना

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 07, 2025 06:27 pm IST,  Updated : Nov 07, 2025 06:27 pm IST

खेसारी ने अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पहले चरण में ही महागठबंधन 100 सीटें जीत चुका है। उन्होंने कहा कि जनता अपना संदेश दो चुकी है। वह यहां राजेश यादव के समर्थन में रैली करने पहुंचे थे।

Khesari lal yadav- India TV Hindi
खेसारी लाल यादव Image Source : REPORTER INPUT

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में खेसारी लाल यादव अपनी पार्टी के अन्य उम्मीदवारों के लिए भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। शुक्रवार को वह रोहतास जिले के दिनारा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। भोजपुरी सिंगर और छपरा से राजद प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने दिनारा विधानसभा क्षेत्र के पिथनी हाई स्कूल मैदान में राजद प्रत्याशी राजेश यादव के समर्थन में जनसभा की।

जनसभा में खेसारी लाल यादव को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उनके चाहने वालों की दीवानगी इस कदर थी कि कई युवा स्कूल की छत पर चढ़कर खेसारी लाल यादव की एक झलक पाने की कोशिश कर रहे थे।

सरकार बदलना जरूरी- खेसारी

मंच से जनता को संबोधित करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा, "सरकार बदलना जरूरी है, ताकि रोजी-रोजगार के अवसर बनें। मां से आशीर्वाद लेकर रोज काम की तलाश में बाहर जाते हैं, फिर आकर इस मां के आंचल में सोते हैं। अब बिहार में ऐसा माहौल बने कि हमारे बच्चे यहीं रोजगार पा सकें। लोग मुझे सनातन विरोधी कहते हैं, पर मैं कहता हूं जितना मंदिर बनाना है बनाइए। लेकिन सोचिए, आपने शादी क्यों की? मंदिर में ही घंटा बजाते रहते, शादी करके खूब मजे ले रहे हैं। इसलिए जात-धर्म से ऊपर उठकर बिहार को बदलना होगा।”

पवन सिंह पर साधा निशाना

खेसारी लाल यादव ने इस दौरान भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पवन भैया ने मेरी बीवी को लेकर मीडिया में जो कहा, वो सबको पता है। यही पवन भैया थे जिनके लिए लोकसभा चुनाव में मैंने जान लगाकर प्रचार किया था, यहां तक कि मेरे पिताजी ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया था। लेकिन उन्हीं पवन भैया ने छपरा में जाकर मेरे खिलाफ प्रचार किया। यही फर्क है मेरे और उनके बीच।”

पहले चरण में महागठबंधन ने 100 सीटें जीती

सभा के दौरान खेसारी लाल यादव ने जनता से सवाल करते हुए कहा, “बिहार बदलेंगे ना? ताकि आपके बच्चे सवाल न पूछें कि जब बिहार बदल रहा था तब आपने गलत को क्यों चुना?” कार्यक्रम के अंत में खेसारी लाल यादव ने दावा किया, “पहले चरण के मतदान में महागठबंधन ने 100 सीटें जीत ली हैं। हम लोग यह चुनाव जीतने जा रहे हैं, बिहार में बदलाव तय है।” भीड़ के जोश और नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। खेसारी लाल यादव के जाने के बाद भी उनके समर्थक देर तक “खेसारी लाल यादव जिंदाबाद” के नारे लगाते रहे।

(रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'NDA के पास हर जगह के लिए अलग योजनाएं', औरंगाबाद में बोले पीएम मोदी, किसानों को सालाना 9000 रुपये देने का वादा किया

राजद प्रत्याशी पर बुलडोजर से बरसाए फूल, लड्डुओं से तौला, सामने आया Video

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।