1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में बिजली के स्मार्ट मीटर की आड़ में शराब की तस्करी, 48 पेटी बीयर बरामद

मुजफ्फरपुर में बिजली के स्मार्ट मीटर की आड़ में शराब की तस्करी, 48 पेटी बीयर बरामद

 Published : Sep 10, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Sep 10, 2026 01:12 pm IST

बिहार में पूर्ण शराबबंदी होने का बाद भी अवैध रूप से शराब की तस्करी करने वाले कई गैंग सक्रिय हैं। हाल फिलहाल में राज्य में भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। अब मुजफ्फरपुर में बिजली के स्मार्ट मीटर की आड़ में शराब की तस्करी का मामला सामने आया है।

मुज़फ्फरपुर में शराब तस्करी - India TV Hindi
मुज़फ्फरपुर में शराब तस्करी Image Source : INDIA TV

बिहार में शराब बैन है लेकिन आए दिन शराब की अवैध तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे कई गैंग सक्रिय हैं जो चोरी छुपे शराब की तस्करी करते हैं। हाल ही में पटना से अवैध विदेश शराब की एक बड़ी खेप बरामद की गई और अब मुजफ्फरपुर में कंटेनर से अवैध शराब जब्त की गई है। बिजली के स्मार्ट मीटर की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी।

शराब की अवैध तस्करी

राज्य में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप बिहार में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर के बेनीबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मार्ट मीटर की आड़ में की जा रही शराब तस्करी का खुलासा किया है। एनएच-27 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है।

पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक और उपचालक समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चालक की पहचान ओडिशा के बालासोर जिले के श्रीपंचली थाना क्षेत्र स्थित जाणुगंज गणेशपुर गांव निवासी रघुनाथ सहनी के रूप में की गई है, जबकि उपचालक की पहचान पियर थाना क्षेत्र के कैला बखरी निवासी रूपक कुमार के रूप में की गई है।

48 कार्टन बीयर बरामद

एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दरभंगा की ओर से मुजफ्फरपुर आ रहे एक कंटेनर में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एनएच-27 पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन में बने गुप्त तहखाने से 102 कार्टन विदेशी शराब और 48 कार्टन बीयर बरामद की गई। 

बिजली के स्मार्ट मीटर की आढ़ में हो रही थी सप्लाई

पुलिस जांच में पता चला कि कंटेनर में 650 कार्टन बिजली के स्मार्ट मीटर लोड थे और उसी की आड़ में शराब की खेप छिपाकर लाई जा रही थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर असम से स्मार्ट मीटर लेकर चला था और उसी के साथ शराब की खेप भी बिहार लाई जा रही थी। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

संजीव कुमार- मुजफ्फरपुर

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।