1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Lok Sabha Elections 2024: सारण में राजीव प्रताप रूडी को हैट्रिक लगाने से रोक पाएंगी रोहिणी आचार्य? पढ़ें पूरा समीकरण

Lok Sabha Elections 2024: सारण में राजीव प्रताप रूडी को हैट्रिक लगाने से रोक पाएंगी रोहिणी आचार्य? पढ़ें पूरा समीकरण

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Apr 17, 2024 08:30 pm IST,  Updated : Apr 18, 2024 04:02 pm IST

Hot seats in Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने एक बार फिर से वर्तमान सांसद राजीव प्रताप रूडी को सारण सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, राजद की ओर से लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य चुनावी मैदान में हैं।

Lok Sabha Elections 2024- India TV Hindi
Lok Sabha Elections 2024 Image Source : INDIA TV

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 19 अप्रैल से वोटिंग शुरू होगी। देश की कुल 543 लोकसभा सीटों पर जनता अपने-अपने प्रतिनिधियों को चुनेगी। इस चुनावी सीजन में हम आपके लिए लेकर आए हैं उन लोकसभा सीटों का हाल जहां पर उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर होने जा रही है। इसी क्रम में हम लेकर आए हैं बिहार की 'सारण' लोकसभा सीट का हाल। इस सीट पर वर्तमान सांसद और भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के बीच मुकाबला होने वाला है। आइए जानते हैं इस सीट का पूरा समीकरण।

क्या है सारण सीट का इतिहास?

सारण लोकसभा सीट को बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव का गढ़ माना जाता रहा है। साल 2008 में हुए परिसीमन से पहले इसका नाम पहले छपरा हुआ करता था। इस सीट से लालू प्रसाद यादव  1977, 1989, 2004 और 2009 में यानी कुल 4 बार सांसद रहे हैं। वहीं, राजीव प्रताप रूडी भी 1996, 1999, 2014 और 2019 यानी कुल 4 बार सारण से सांसद रह चुके हैं। इस बार लालू प्रसाद यादव ने अपनी बेटी रोहिणी को रूडी के खिलाफ मैदान में उतारा है।

राबड़ी देवी को भी हरा चुके हैं रूडी

साल 2014 और 2019, दोनों ही लोकसभा चुनाव में राजीव प्रताप रूडी ने सारण लोकसभा सीट से चुनाव जीता है। 2014 के चुनाव में रूडी ने लालू प्रसाद यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी को 40,948 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं, साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राजद के उम्मीदवार चंद्रिका राय को 1,38,411 वोटों के अंतर से हराया था। इस बार रूडी जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान में उतरे हैं। दूसरी ओर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य परिवार की पारंपरिक सीट को एक बार फिर से वापस लेने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। 

क्या है सारण का समीकरण?

सारण लोकसभा सीट पर मतदाताओं की संख्या करीब 16 लाख 55 हजार से ज्यादा है। इनमें से करीब 8 लाख 88 हजार पुरुष और 7 लाख 67 हजार महिला मतदाता हैं। सारण लोकसभा सीट के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं-छपरा, सोनपुर, परसा, मढ़ौरा, अमनौर और गडख़ा। इस सीट को यादव और राजपूतों का गढ़ माना जाता है। इसके अलावा वैश्य और दलित समुदाय की संख्या भी अच्छी खासी है। वहीं, यहां 10 फीसदी से ज्यादा मुस्लिम वोटर्स भी हैं। राजद को M+Y समीकरण का फायदा मिलता है। 

सारण में कब हैं चुनाव?

चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर बारी-बारी से 7 चरण में चुनाव होंगे। सारण में पांचवें चरण में 20 मई को वोटिंग होगी। वहीं, जून को लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम जारी होंगे। 

बिहार में कब होंगे चुनाव?

कुल सीटें- 40

  • पहला चरण (19 अप्रैल)- 4 सीटें
  • दूसरा चरण (26 अप्रैल)- 5 सीटें
  • तीसरा चरण (7 मई)- 5 सीटें 
  • चौथा चरण (13 मई)- 5 सीटें
  • पांचवां चरण (20 मई)- 5 सीटें
  • छठवां चरण (25 मई)- 8 सीटें
  • सातवां चरण (1 जून) -8 सीटें

ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: गाजियाबाद में अतुल गर्ग VS डॉली शर्मा VS नंद किशोर पुंडीर, किसके सिर पर सजेगा ताज?

लोकसभा चुनाव 2024: मनोज तिवारी के सामने कन्हैया की चुनौती, जानें क्यों रोचक है बिहार के दो स्टार का यह मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।