पटना: अनंत सिंह के पंच लाइन वाले इंटरव्यू और दुलारचंद यादव हत्याकांड की वजह से बिहार चुनाव में जिस मोकामा सीट की सबसे ज्यादा चर्चा हुई, वहां इस वक्त तेजी से वोटिंग हो रही है। वोटिंग टर्नआउट ऐप के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक मोकामा विधानसभा में 41.78 फीसदी वोटिंग हो गई। माना जा रहा है कि शाम 6 बजे तक वोटिंग का समय खत्म होने तक ये वोटर टर्नआउट 65 प्रतिशत से ऊपर जा सकता है। हालांकि, मोकामा में पोलिंग बूथ पर लगी भारी भीड़ किसके पक्ष में वोट कर रही है, ये तो 14 नवंबर को परिणाम घोषित होने के साथ ही पता चलेगा। लेकिन इस खबर में ये जानिए कि मोकामा में वोटिंग प्रतिशत बढ़ने के कारण क्या हैं।
अनंत सिंह Vs सूरजभान सिंह की सियासी जंग
दुलारचंद यादव की हत्या के बाद से मोकामा में सियासी माहौल काफी गर्म है। इस हत्याकांड के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठे तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए JDU प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार किया और बाद में उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, जब से अनंत सिंह जेल गए तब से उनके चुनाव प्रचार का जिम्मा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संभाला हुआ था। ललन सिंह ने तो यहां तक कह दिया था कि अनंत सिंह जेल में हैं तो क्या हुआ, उनका हर समर्थक खुद अनंत सिंह है।
वोटिंग टर्नआउट में इजाफे का कारण?
यूं तो दुलारचंद खुद प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के लिए वोट मांग रहे थे। लेकिन उनकी हत्या के बाद RJD प्रत्याशी और अनंत सिंह के विरोधी सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी दुलारचंद के परिवार के करीब दिखीं। उन्होंने दुलारचंद को अपने परिवार का बताया। इसके बाद से ये कहना तो मुश्किल है कि दुलारचंद के समर्थक पीयूष प्रियदर्शी और वीणा देवी में से किसको वोट देंगे। लेकिन ये तय है कि उनका गुस्सा और अनंत सिंह को हराने की इच्छा वोटिंग टर्नआउट में इजाफा जरूर कर रहा है। अनंत सिंह, सूरजभान सिंह और दुलारचंद यादव, तीनों के समर्थक एक-दूसरे को हराने में जोर-शोर से लगे हुए हैं।
दुलारचंद की हत्या किसने की?
बता दें कि बीते 27 अक्टूबर को बाढ़ इलाके में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों और अनंत सिंह के काफिले में शामिल लोगों के बीच झड़प के दौरान दुलारचंद की जान चली गई थी। इसके बाद दुलारचंद के परिजनों ने अनंत सिंह पर हत्या के आरोप लगाए थे।
ये भी पढ़ें- वोटिंग शुरू होने से पहले मतदान केंद्र पर कैसे चेक की जाती है EVM? पढ़ें मॉक पोलिंग की पूरी प्रक्रिया
ये भी पढ़ें- 'नाचे न आवे तो अंगनवे टेढ़', गया में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज