1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जल्दी ही बिहार की सियासत में आएगा भूचाल, 'भाजपा के संपर्क में हैं नीतीश कुमार'

जल्दी ही बिहार की सियासत में आएगा भूचाल, 'भाजपा के संपर्क में हैं नीतीश कुमार'

 Published : Oct 19, 2022 07:45 pm IST,  Updated : Oct 19, 2022 07:45 pm IST

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में कब क्या हो जाए किसी को पता नहीं है। अब प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि नीतीश कुमार बीजेपी के संपर्क में हैं। हालांकि किशोर के बयान को जदयू ने खारिज कर दिया है।

Bihar Politics- India TV Hindi
Bihar Politics Image Source : INDIA TV/TWITTER

Highlights

  • फिर से उस पार्टी के साथ गठजोड़ कर सकते हैं
  • नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं
  • कभी भाजपा से हाथ नहीं मिलाएंगे

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव होने के संकेत प्रशांत किशोर ने दिया है। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बुधवार को दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संपर्क में हैं और अगर स्थिति की मांग हुई तो वह फिर से उस पार्टी के साथ गठजोड़ कर सकते हैं। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यू) ने उनकी इस टिप्पणी को खारिज करते हुए इसे भ्रामक बताया और कहा कि इसका मकसद भ्रम फैलाना है।

भाजपा के साथ नहीं जाने का दावा

किशोर इन दिनों बिहार में पदयात्रा कर रहे हैं और उनकी इस यात्रा को सक्रिय राजनीति में आने के पहले के कदम के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुमार ने जद (यू) सांसद और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के जरिए भाजपा के साथ संवाद के लिए एक रास्ता खुला रखा है। इस संबंध में हरिवंश को उनकी प्रतिक्रिया के लिए भेजे गए सवाल का कोई जवाब नहीं मिला। लेकिन उनकी पार्टी ने इस दावे को खारिज करते हुए जोर दिया कि कुमार फिर कभी भाजपा से हाथ नहीं मिलाएंगे।

कभी जा सकते हैं भाजपा में
किशोर ने आगे कहा कि "जो लोग यह सोच रहे हैं कि नीतीश कुमार भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय गठबंधन बनाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं, वे यह जानकर चकित रहे जाएंगे कि उन्होंने भाजपा के साथ रास्ता खुला रखा है। वह अपनी पार्टी के सांसद और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश जी के जरिए भाजपा के संपर्क में हैं।" उन्होंने कहा कि हरिवंश को इस कारण से अपने पद से इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया है, जबकि जद (यू) भाजपा से अलग हो गई है। उन्होंने कहा, "लोगों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि जब भी ऐसी कोई परिस्थिति आती है, तो वह भाजपा की ओर वापस जा सकते हैं और उसके साथ काम कर सकते हैं।" 

किशोर फैला रहे हैं भ्रम 
जद (यू) ने किशोर की खिंचाई की और पार्टी प्रवक्ता के.सी.त्यागी ने कहा कि कुमार ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि वह अपने जीवन में फिर कभी भाजपा से हाथ नहीं मिलाएंगे। त्यागी ने कहा, "हम उनके दावे का खंडन करते हैं। कुमार 50 साल से अधिक समय से सक्रिय राजनीति में हैं जबकि किशोर छह महीने से हैं। किशोर ने भ्रम फैलाने के लिए इस प्रकार की भ्रामक टिप्पणी की है।" किशोर ने अपनी पदयात्रा दो अक्टूबर को पश्चिम चंपारण के भितिहरवा स्थित गांधी आश्रम से शुरू की थी। वह व्यवस्था में बदलाव की खातिर लोगों के समर्थन के लिए अगले 12-15 महीनों में 3,500 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।


  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।