बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सभी दल अपनी तैयारियां मजबूत करने में लगे हुए हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव इंडिया गठबंधन के लिए वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। वहीं, प्रशांत किशोर की जनसुराज यात्रा कई महीनों से बिहार के अलग-अलग हिस्सों से गुजर रही है। इस बीच प्रशांत किशोर ने मुस्लिमों को वोट बटोरने के लिए योगी आदित्यनाथ का डर दिखाना भी शुरू कर दिया है। एक चुनावी सभा में उन्होंने लाल कृष्ण आडवाणी से लेकर पीएम मोदी और योगी आदित्यनाथ तक का नाम लिया और अंत में कहा कि योगी बर्दाश्त नहीं होता।
जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का एक वीडियो सामने आया है। ये वीडियो पूर्णिया के मुस्लिम सम्मेलन का है, जिसमें प्रशांत किशोर मुस्लिमों को योगी का डर दिखाते नजर आ रहे हैं। प्रशांत किशोर ने पहले आडवाणी और मोदी की तुलना की, जिसमें मुसलमानों को कहा कि आप आडवाणी को बर्दाश्त कर लेंगे, लेकिन मोदी को नहीं और जब मोदी-योगी की तुलना होगी तो आप मोदी को बर्दाश्त कर लेंगे, लेकिन कहेंगे कि योगी बर्दाश्त नहीं होता।
पूर्णिया सम्मेलन का वीडियो
प्रशांत किशोर योगी का डर दिखाकर अल्पसंख्यकों के वोट बटोरना चाहते हैं। पूर्णिया के मुस्लिम सम्मेलन का वीडियो सामने आ चुका है। इस वीडियो में प्रशांत किशोर ने लोगों से पूछा- मोदी चाहिए या योगी चाहिए? इसके बाद खुद ही जवाब देते हुए कहा "आप कहेंगे मोदी कितना खराब है, लेकिन ठीक है। आप कहेंगे कि योगी बर्दाश्त नहीं होता है। आडवाणी और मोदी में आप आडवाणी को चुनेंगे।" पूर्णिया में उलेमा के साथ सियासी और समाजी मशवरा देते हुए पीके ने आडवाणी से ज्यादा खतरनाक मोदी को बताया और मोदी से ज्यादा खतरनाक योगी को बताया।
बिहार में त्रिकोणीय लड़ाई
बिहार में इस बार प्रशांत किशोर ने लड़ाई त्रिकोणीय बना दी है। बीजेपी और जेडीयू की अगुआई वाला एनडीए गठबंधन यहां मजबूत स्थिति में है। वहीं, आरजेडी और कांग्रेस का इंडिया गठबंधन भी पूरा जोर लगा रहा है। प्रशांत किशोर ने काफी पहले ही जनसुराज यात्रा शुरू कर दी थी। उनकी सभाओं में भी अच्छी भीड़ जुट रही है। ऐसे में बिहार विधानसभा चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय बन चुका है।