Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सिवान जेल में मुस्लिम कैदी समेत 17 बंदी कर रहे छठ, तैयारियों में जुटा कारागार प्रशासन

सिवान जेल में मुस्लिम कैदी समेत 17 बंदी कर रहे छठ, तैयारियों में जुटा कारागार प्रशासन

Edited By: Swayam Prakash @swayamniranjan_ Published : Nov 18, 2023 04:51 pm IST, Updated : Nov 18, 2023 04:51 pm IST

महापर्व छठ पूजा को लेकर घरों से लेकर जेल तक उत्सव का माहौल है। खबर है कि सिवान मंडल कारागार में भी 17 कैदी छठ का व्रत कर रहे हैं। इन कैदियों में एक मुस्लिम महिला भी है। जेल में छठ महापर्व मना रहे कैदियों के लिए जेल प्रशासन ने भी पूरी तैयारियां की हैं।

Siwan Jail- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सिवान मंडल कारागार में छठ को लेकर हलचल

लोकआस्था का महापर्व छठ पूजा कल से नहाय खाय के साथ शुरू हो गया है। घरों से लेकर बाजारों तक चहल पहल है। इस पर्व से जेल भी अछूता नहीं है। बिहार के सिवान मंडल कारागार में पूरे उत्साह के साथ छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। इस बार सिवान जेल में एक मुस्लिम महिला समेत कुल 17 कैदी छठ का व्रत कर रहे हैं। इसको लेकर जेल प्रशासन ने भी छठ पूजा के लिए प्रबंध किए हैं। जेल के अंदर ही घाट भी बनाया गया है। कैदी छठ व्रतियों के लिए पूजन सामग्री से लेकर कपड़े तक की व्यवस्था कराई गई है।

  
8 सालों से मुस्लिम कैदी करती है छठ

सिवान जेल में बंद एक मुस्लिम कैदी रुखसाना पिछले 8 सालों से छठ व्रत कर रही है। रुकसाना ने मन्नत मांगी थी कि अगर उसे बेटा होगा तो वह छठ पूजा करेगी। अब कुछ दिनों पहले ही उसकी मन्नत पूरी हुई है, जिसके बाद रुखसाना ने लोकआस्था का महापर्व छठ पूजा का व्रत रखना शुरू कर दिया। रुखसाना अब जेल में बंद होते हुए भी एकदम हिन्दू रीति रिवाज से छठ पूजा का व्रत रखती हैं। जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि सिवान के दरौंदा थाना इलाके के रुकुन्दीपुर गांव की रहने वाली मुस्लिम महिला रुखसाना हत्या के मामले में सजायफता कैदी है। ये पिछले 8 सालों से बिल्कुल निर्जल रहकर छठ व्रत करती है।

जेल में कुल 17 कैदी कर रहे छठ

बताया जा रहा है कि सिवान मंडल कारागार में इसबार 10 महिला और 7 पुरुष समेत कुल 17 कैदी छठ पूजा कर रहे हैं। इनमें महिला कैदियों में दरौंदा थाना के रुकुंदीपुर गांव की मुस्लिम महिला रुखसाना खातून, नौतन थाना के गंभीरपुर गांव की गायत्री देवी, मैरवा के फुलवरिया गांव की धर्मावती देवी,  महाराजगंज थाना के माधोपुर की गीता देवी, दरौंदा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर की लीलावती देवी छठ कर रही हैं। 

मैरवा स्टेशन के पास की पूजा देवी, नौतन थाना के कोईरी टोला की रामपति देवी, भगवानपुर थाना के ब्रह्मस्थान की संगीता देवी, मैरवा थाना के फुलवरिया गांव की सरिता देवी के अलावा नौतन थाना के अंगौता गांव की सिंधु देवी जो पिछले 5 सालों से लगातार छठ पर्व कर रही है। 

वहीं पुरुष कैदी छठ व्रतियों में मुजफ्फरपुर के कांटी के रहने वाले टुन्ना राय, सिवान के भगवानपुर हाट थाना के रामपुर कोठी के रहने वाले लाल बाबू साह, पचरुखी थाना के घोरगहिया के रहने वाले धनंजय सिंह, बसंतपुर थाना के बैजू बरहोगा गांव के रहने वाले सिकंदर राय, रघुनाथपुर थाना के नवादा के रहने वाले मंजिल सिंह, सिसवन थाना इलाके के कईलावमाझी गांव के रहने वाले गुलाबचंद राम व सिसवन थाना के ग्यासपुर के रहने वाले प्रकाश राम शामिल हैं।

छठ के लिए जेल प्रशासन ने किए प्रबंध

सिवान जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देश पर जेल प्रशासन की तरफ से महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। छठ व्रतियों के लिए पूजन सामग्री, कपड़े, फल आदि की व्यवस्था की गई है। महिला और पुरुष छठ व्रतियों के लिए अलग-अलग घाट बनवाया गया है। घाटों को बहुत अच्छे तरीके से सजाया और संवारा भी जाएगा। ताकि जो भी कैदी छठ कर रहे हैं उन्हें किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

(रिपोर्ट- कैलाश कश्यप)

ये भी पढ़ें-

"गाजा में युद्ध के लिए इजरायली पीएम नेतन्याहू को गोली मार देनी चाहिए," कांग्रेस सांसद का बयान

दुबई में भारी बारिश से बाढ़ जैसा मंजर, सड़कों पर चलने लगी नाव, UAE में तूफान ने मचाई तबाही-देखें वीडियो
 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement