1. Hindi News
  2. बिहार
  3. LIVE: बिहार के सासाराम से 16 दिवसीय 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू, पटना में होगा समापन

LIVE: बिहार के सासाराम से 16 दिवसीय 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू, पटना में होगा समापन

 Updated : Aug 17, 2025 11:33 pm IST

राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' आज सासाराम से शुरू हुई है, जो बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी। एक सितंबर को इस यात्रा का पटना में समापन होगा।

राहुल गांधी- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : ANI

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरुआत की है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में जन-जागरुकता के लिए राहुल गांधी ने सासाराम से यह यात्रा शुरू की है। 16 दिनों की इस यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ होगा। 'वोटर अधिकार यात्रा' बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी। इसमें 20, 25 और 31 अगस्त को अवकाश रहेगा। राहुल की 'वोटर अधिकार यात्रा' का इंडिया ब्लॉक ने समर्थन किया है। इस यात्रा में राहुल के साथ तेजस्वी यादव और लेफ्ट पार्टियों के नेता भी शामिल हैं।

 

Rahul gandhi Vote Adhikar Yatra Live Update

Auto Refresh
Refresh
  • 10:12 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    जनता की ताकत दिखाने जा रहे हैं: EC

    राहुल गांधी ने कहा, चुनाव आयोग के लोग कहते हैं कि हां, हम वोटर कटवा देंगे और हम आपको बताएंगे नहीं, हम आपको वोटर लिस्ट नहीं दिखाएंगे। आप क्या करोगे? मैं आपको बताऊंगा कि हम क्या करेंगे। हम आपको जनता की ताकत दिखाने जा रहे हैं। 

  • 8:19 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हम बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे: राहुल गांधी

    औरंगाबाद में राहुल गांधी ने कहा, "हम, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मन बना लिया है कि हम बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे...क्या आपने मेरा वीडियो देखा जिसमें मैं मरे हुए लोगों के साथ चाय पी रहा हूं? चुनाव आयोग ने उन लोगों को मार डाला जो ज़िंदा हैं। उनका नाम हटा दिया गया। मैंने उनसे पूछा कि उनका नाम क्यों हटाया गया? उन्होंने कहा कि ऊपर से आदेश आया था। नरेंद्र मोदी का आदेश, चुनाव आयोग का आदेश और वे बिहार में लाखों लोगों के वोट काट रहे हैं। उन्होंने 65 लाख लोगों के वोट हटा दिए हैं। 

  • 8:17 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    SIR का मतलब बिहार के लोगों से वोट चुराना है: राहुल गांधी

    औरंगाबाद में राहुल गांधी ने कहा, "...SIR का मतलब बिहार के लोगों से वोट चुराना है। पहले वे इसे गुप्त रूप से करते थे। अब वे इसे खुलेआम सबके सामने कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "मैं उनसे पूछना चाहता हूं, आपने सीसीटीवी के लिए कानून बनाया था। फिर आपने उस कानून को क्यों बदला? सरकार ने इसे क्यों बदला? क्या आपको पता है कि चुनाव आयुक्त के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता है? क्या आपको पता है कि यह कानून कब बना था? यह कानून 2023 में बना था। यह कानून 2023 में क्यों बनाया गया? क्योंकि नरेंद्र मोदी और अमित शाह चाहते हैं कि चुनाव आयोग के खिलाफ कोई कार्रवाई न हो सके। क्योंकि चुनाव आयोग उनकी मदद कर रहा है और उनके साथ मिलकर वोट चुरा रहा है।"

  • 8:15 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    ...लेकिन उनसे चुनाव आयोग हलफनामा नहीं मांगता: राहुल गांधी

    बिहार के औरंगाबाद में राहुल गांधी ने कहा, चुनाव आयोग मुझसे हलफनामा मांगता है। लेकिन जब अनुराग ठाकुर वही बात कहते हैं जो मैं कह रहा हूं, तो आयोग उनसे हलफनामा नहीं मांगता। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव हुए और इंडिया गठबंधन जीत गया। चार महीने बाद, विधानसभा चुनाव हुए और उसी महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन ने भारी जीत हासिल की और हमारा गठबंधन दिखाई नहीं दिया। गायब हो गया। जब हमने जांच की, तो पता चला कि चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के चार महीने बाद जादुई तरीके से एक करोड़ नए मतदाता बना दिए। जहां भी नए मतदाता आए, वहां भाजपा जीत गई। हमारे वोट कम नहीं हुए। इंडिया गठबंधन को विधानसभा में उतने ही वोट मिले जितने लोकसभा में मिले थे। भाजपा को सारे नए मतदाता मिले। इसलिए हमें शक हुआ। हमने चुनाव आयोग से कहा कि हमें इस बारे में समझाएं। ये एक करोड़ मतदाता कहां से आए? कौन हैं? चुनाव आयोग कहता है कि हम कुछ नहीं बताएंगे। हमें आपके समझाने की ज़रूरत नहीं है। फिर हमने उनसे कहा कि आपने सीसीटीवी लगवाए हैं। कानून यह है कि जो भी पार्टी सीसीटीवी मांगेगी, उसे सीसीटीवी कैमरे देने होंगे। वे कहते हैं कि वे सीसीटीवी नहीं देंगे। फिर हमने कहा कि हमें मतदाता सूची दीजिए। वे कहते हैं कि वे इलेक्ट्रॉनिक मतदाता सूची नहीं देंगे। चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर बेंगलुरु सेंट्रल में चोरी की है।

  • 7:02 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल गांधी की यात्रा घुसपैठियों को बचाने के लिए है: सम्राट चौधरी

    'मतदाता अधिकार यात्रा' पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "झंडे का रंग बदलने की कोशिश की जा रही है और दूसरी बात, राहुल गांधी को जनता के नेता के रूप में पेश किया जा रहा है और यह अपने आप में बिहार के लिए एक मज़ाक है। राहुल गांधी की यात्रा पूरी तरह से घुसपैठियों को बचाने के लिए है। 2003 में एसआईआर के दौरान लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे और उस समय राबड़ी देवी सीएम थीं। बिहार या तो गांधी परिवार या लालू परिवार की वजह से गरीब है, जिनमें से एक ने देश को लूटा और दूसरे ने बिहार को।"

  • 5:39 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सासाराम से 'मतदाता अधिकार यात्रा' शुरू

    लोकसभा नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के सासाराम से 'मतदाता अधिकार यात्रा' की शुरुआत की। 16 दिवसीय यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में होगा।

  • 4:47 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हमारी पदयात्रा ने इन्हें सड़कों पर आने पर मजबूर कर दिया: PK

    बिहार में आज कांग्रेस और आरजेडी की 'मतदाता अधिकार यात्रा' पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "हमारी पदयात्रा ने इन नेताओं को सड़कों पर आने पर मजबूर कर दिया है। ये जन सुराज का ही डर है कि जो पेंशन पिछले 20 सालों से 400 रुपये थी, वो अब बढ़कर 1100 रुपये हो गई है, और रसोइयों का वेतन दोगुना हो गया है। अब जनता का डर खत्म हो गया है, और उनके पास नया विकल्प है।"

  • 3:44 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    वोट चुराना होता, तो 240 पर क्यों रुकते- रवि किशन

    'मतदाता अधिकार रैली' पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, पूरा देश कांग्रेस की मानसिकता पर हंस रहा है। ये सभी वंशवादी लोग हैं। इन पर (कांग्रेस पर) कौन भरोसा करेगा? अगर भाजपा को वोट चुराना होता, तो हम 240 पर क्यों रुकते? हम 300 तक जाते, उनमें सामान्य ज्ञान भी नहीं है।"

  • 3:42 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    'वोट अधिकार यात्रा' पर बोले हरीश रावत

    बिहार में आज 'वोट अधिकार यात्रा' पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, "..मैं उन्हें (राहुल गांधी) बधाई देना चाहता हूं...भाजपा की केंद्र सरकार और चुनाव आयोग चोरी कर रहे हैं, इसी के लिए यह अभियान है।"

  • 2:49 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    भाजपा को भगाएं, हमें जिताएं- लालू प्रसाद

    वोट अधिकार यात्रा के मौके पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, "चोरो को हटाएं, भाजपा को भगाएं, और हमें जिताएं। किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में मत आने दीजिए। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खरगे और आप सभी एक हो जाएं, इन्हें उखाड़कर फेंक दें, लोकतंत्र बचाएं।"

  • 2:34 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    अंधे बहरे की सरकार-मल्लिकार्जुन खरगे

    मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा-लालकिला से प्रधानमंत्री ने कहा कि आरएसएस 100  साल से देश की सेवा कर रहा है। अरे ये आरएसएस वाले तो देश की आज़ादी के खिलाफ थे। यहां तो अंधे बहरे की सरकार है क्योंकि कोई किसी नहीं सुनता। गूंगे लोकतंत्र में कोई कुछ नहीं बोलेगा , अत्याचार होंगे पर मुंह नहीं  खोलेगा। इंतज़ार करेगा कि कोई रक्षक आएगा जो अत्याचारों से मुक्त करेगा।आज राहुल गांधी आपके रक्षक बनकर आए हैं तेजस्वी उनका साथ दे रहे हैं। 

  • 2:05 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    हमसे हलफनामा मांगा गया-राहुल गांधी

    जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कहा, तो चुनाव आयोग ने हमसे हलफनामा मांगा। भाजपा के लोगों से हलफनामा नहीं मांगा जाता है। यह उनका(चुनाव आयोग) डेटा है, उनके आंकड़े हैं लेकिन वे मुझसे हलफनामा मांग रहे हैं। हमने उनसे सीसीटीवी फुटेज मांगी लेकिन उन्होंने मना कर दिया।"

  • 2:03 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    हम इन्हें चुनाव चोरी करने नहीं देंगे-राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने कहा- हम इन्हें चुनाव चोरी करने नहीं देंगे। बिहार की जनता वोटों की चोरी करने नहीं देगी। हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखा दिया कैसे चोरी हो रही है लेकिन अब हम चोरी करने नहीं देंगे 

  • 1:59 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    एक विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा वोटों की चोरी-राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने कहा-जब हमने जांच की, सभी रिकॉर्ड निकाले गए, तो हमें पता चला कि कर्नाटक में एक विधानसभा में एक लाख से अधिक वोट चुराए गए थे और इन वोटों के कारण, भाजपा ने कर्नाटक में लोकसभा सीट जीती। 

     

     

  • 1:56 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में एक करोड़ नए वोटर पैदा किए-राहुल

    राहुल गांधी ने सासाराम में अपने संबोधन में कहा कि चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में एक करोड़ नए वोटर पैदा कर दिए। एक करोड़ वोटर का फर्क था। जहां भी नए वोटर आए, बीजेपी का गठबंधन जीता। हमें जितने वोट लोकसभा में मिले उतने ही विधानसभा में भी मिले।

     

  • 1:37 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    सासाराम में मंच पर पहुंचे लालू और तेजस्वी

    सासाराम में आयोजित वोट अधिकार रैली के मंच पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव पहुंचे। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने उनका स्वागत किया।

  • 1:36 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    इलेक्शन कमीशन को चुनाव लड़वाना छोड़कर खुद चुनाव लड़ना चाहिए-कन्हैया

    सासाराम में वोट अधिकार रैली में शामिल हो रहे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग पिछले कई महीनों से कह रहा है कि वोटर लिस्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है। जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी कह रहे हैं कि गड़बड़ी है और आप जांच कीजिए, जब चुनाव आयोग को पता चला कि जांच हो रही है और गड़बड़ियां पाई जाएंगी, तब उन्होंने कहा कि SIR गड़बड़ियों को रोकने के लिए किया गया है। अब आज अचानक चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है। इलेक्शन कमीशन को चुनाव लड़वाना छोड़कर खुद चुनाव लड़ना चाहिए।"

     

  • 1:22 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    मंच पर मौजूद कांग्रेस के दिग्गज नेता

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेता सासाराम में मंच पर मौजूद। वोट अधिकार यात्रा में लालू और तेजस्वी भी शामिल होंगे।

  • 1:03 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    लालू और तजस्वी सासाराम पहुंचे

    तेजस्वी यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव सासाराम पहुंचे । दोनों नेता कार्यक्रम स्थल के लिए हुए रवाना।

     

  • 12:11 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राहुल गांधी सासाराम पहुंचे

    कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सासाराम पहुंचे। थोड़ी देर में शुरू होगी वोट अधिकार यात्रा।

     

  • 12:01 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    यह बिहार के मतदाताओं की आवाज है-मनोज झा

    आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा- यह बिहार के मतदाताओं की आवाज है। चुनाव आयोग अंपायर नहीं है। खिलाड़ी जैसा हो गया है। बिहार से जो शुरुआत हुई है वह अलग-अलग राज्यों में भी होगा। 

     

  • 11:28 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    ये लोग कंस की राह पर चल रहे: गिरिराज

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोट अधिकार यात्रा पर कहा, "ये लोग कंस की राह पर चल रहे हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मैं कहूंगा कि कंस का नाश कृष्ण ने किया। यहां भी कुछ कंस है और जन्माष्टमी के अवसर पर उसका नाश निश्चित है।"

  • 11:24 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    देश को नुकसान से बचाना है: पवन खेड़ा

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने  कहा, "बात चुनाव से बढ़कर है। जब वोट का अधिकार कोई चोरी कर लेगा तो चुनाव क्या रहेंगे? देश को नुकसान से बचाना है। पूरे देश के गरीब पिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक, दलित सबको नुकसान है। हमारे गठबंधन के तमाम साथी यात्रा में शामिल हो रहे हैं। पूरे रास्ते भर हम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे।"

     

  • 11:18 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    वोट चोरी को रोना होगा-अलका लांबा

    वोटर अधिकार यात्रा पर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा, "संदेश राहुल गांधी पहले दिन से दे चुके हैं। वोट चोरी जो हो रही है उसे रोकना होगा। वोट अधिकार रैली का एक ही मकसद है, वोट के अधिकार को बचाना। अभी तक चुनाव आयोग पूरी तरह से केंद्र के दबाव में फैसले नहीं दे रहा था। राहुल गांधी ने एक ही विधानसभा में फर्जी मतदाता पकड़े उसके बावजूद भी गलती मानने के बजाय सफाई दे रहे हैं। जिस दिन ये यात्रा शुरू हो रही है उसी दिन चुनाव आयोग प्रेस वार्ता कर रहा है। चुनाव आयोग को पता है कि ये यात्रा उनके लिए भारी पड़ने वाली है।"

  • 11:09 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    हम हर एक लड़ाई लड़ेंगे: तेजस्वी यादव

    RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "BJP के लोग लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं और संविधान, लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र को BJP बिहार से खत्म करेगी तो हम बैठने वाले नहीं है। हम हर एक लड़ाई लड़ेंगे। मतदाताओं के मताधिकार को हम मिटने नहीं देंगे। हर बिहारी अपना वोट डालेगा ये सुनिश्चित करने के लिए यात्रा पर जा रहे हैं। राहुल गांधी आ रहे हैं और लालू प्रसाद यादव हरी झंडी देकर यात्रा को रवाना करेंगे।"

  • 11:07 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    इस यात्रा का टायर पहले ही पंचर हो गया है-दिलीप जायसवाल

    बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की जो वोट अधिकार यात्रा है उस यात्रा का टायर पहले ही पंचर हो गया है। सुप्रीम कोर्ट खुद निगरानी कर रहा है। भारत की जनता ऐसे लोगों के साथ नहीं रहती है जिनको सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं है। जिसको संवैधानिक संस्था पर भरोसा नहीं है। बिहार की जनता को मालूम है कि चुनाव आयोग उनके साथ कैसे न्याय करेगा।"

     

  • 11:05 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    हम लोगों ने बहुत कुर्बानियां दी है-लालू प्रसाद

    वोटर अधिकार यात्रा पर RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, "हम लोगों ने बहुत सारी कुर्बानियां दी हैं। आगे भी करते रहेंगे। मिटने नहीं देंगे।' लालू प्रसाद ने बीजेपी पर संविधान को खत्म करने का आरोप लगाया। 

     

  • 10:57 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राहुल हेलीकॉप्टर से एसपी जैन कॉलेज पहुंचेंगे

    राहुल गांधी 11:45 पर एसपी जैन कॉलेज में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। उसके बाद डेहरी के सुअरा हवाई अड्डा के मैदान में 12 बजे पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। भोजन के बाद शाम 4 बजे सभा स्थल से डेहरी ऑन सोन की तरफ निकलेंगे। हरी ऑन सोन से औरंगाबाद की तरफ निकल जाएंगे।

  • 9:37 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    लालू प्रसाद भी वोट अधिकार यात्रा में होंगे शामिल

    राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद भी शामिल होंगे। यह यात्रा आज सासाराम से शुरू होने वाली है। लालू प्रसाद के साथ ही इंडिया गठबंधन के अन्य नेता भी राहुल के मंच पर नजर आएंगे।

     

  • 9:36 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राहुल गांधी दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे

    लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचे। वह आज बिहार के सासाराम से शुरू होने वाली कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा' में शामिल होंगे।

  • 8:28 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    50 विधानसभा सीटों को सीधे कवर करेंगे राहुल

    राहुल गांधी वोट अधिकार यात्रा के दौरान बिहार की 50 विधानसभा सीटों को सीधे कवर करेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा का असर विधानसभा चुनावों पर पड़ सकता है।

     

  • 7:50 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    तीन चरणों में होगी यात्रा

    • राहुल गांधी की यह यात्रा तीन चरणों में होगी। पहले चरण में सासाराम से औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई होते हुए लखीसराय और मुंगेर तक यह यात्रा पहुंचेगी।
    • दूसरे चरण में यह यात्रा भागलपुर से शुरू होकर कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी और दरभंगा से गुजरेगी।
    • तीसरे चरण में यह यात्रा मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा होते हुए पटना में एक बड़ी रैली के साथ खत्म होगी।
  • 7:50 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    16 दिन में 1300 किमी की दूरी

    16 दिनों की इस यात्रा में राहुल गांधी कुल 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यह यात्रा बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी।

     

  • 7:49 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    मताधिकार की सुरक्षा की लड़ाई- इंडिया गठबंधन

    इंडिया गठबंधन ने राहुल गांधी की इस यात्रा को लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा की लड़ाई बताया है। गठबंधन के नेता भी राहुल के मंच पर नजर आएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।