1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शर्मनाक! मोबाइल नंबर मांगा, रात में करता रहा 'टच', चलती ट्रेन में छात्रा से रेल सफाईकर्मी ने की बदसलूकी

शर्मनाक! मोबाइल नंबर मांगा, रात में करता रहा 'टच', चलती ट्रेन में छात्रा से रेल सफाईकर्मी ने की बदसलूकी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 29, 2023 12:24 pm IST,  Updated : Sep 29, 2023 12:24 pm IST

नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा के साथ ट्रेन में बदसलूकी हुई। छात्रा लुधियाना से अपने घर जा रही थी। गरीबरथ एक्सप्रेस में रेल सफाईकर्मी ने छात्रा के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

ट्रेन में सफर के दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। हालांकि, जब छेड़खानी का आरोप किसी रेलकर्मी पर ही लगे तो फिर इसे क्या कहा जाए। ऐसा ही एक घटना जालंधर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस से सामने आई है। ट्रेन में सफर कर रही एक छात्रा के साथ यात्री नहीं बल्कि रेल सफाईकर्मी ने ही छेड़खानी शुरू कर दी। मुजफ्फरपुर रेल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अपने घर जा रही थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, लुधियाना में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक छात्रा गरीबरथ एक्सप्रेस से अपने घर मोतिहारी आ रही थी। यात्रा के दौरान वह ऊपर वाले बर्थ से नीचे उतरकर अपना मोबाइल चार्ज करने लगी। इसी बीच, एक युवक आकर वही बैठ गया और छात्रा से मोबाइल नंबर मांगने लगा। आरोप है कि जब उसने मना किया तो युवक छात्रा को परेशान करने लगा। रात में युवक छात्रा के शरीर को भी किसी बहाने 'टच' करता रहा।

डरी छात्रा दूसरे कोच में चली गई

छपरा स्टेशन के पास गुरुवार को युवक, लड़की के और नजदीक पहुंचने की कोशिश करने लगा। डरी सहमी छात्रा दूसरे कोच में चली गई, लेकिन वहां भी यह युवक पहुंच गया। बाद में छात्रा ने एक-दो यात्रियों को इसके बारे में बताया। इस बीच, एक पुलिसवाले ने युवक की हरकत को भांप लिया। उसके बाद उन्होंने मुजफ्फरपुर रेल एसपी कंट्रोल को खबर दी। उधर, कंट्रोल से उसको पकड़कर रखने को कहा गया। कुछ यात्रियों के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।

आरोपी गिरफ्तार
Image Source : IANSआरोपी गिरफ्तार

प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर आने के साथ युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। युवक की पहचान रेल सफाईकर्मी सौरभ के रूप में की गई, जो आगरा का रहने वाला बताया जा रहा है। यह कॉन्ट्रैक्ट पर रेलवे में कार्यरत है। मुजफ्फरपुर के रेल एसपी कुमार आशीष ने बताया कि छात्रा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की छानबीन की जा रही है।

- IANS इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।