1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पुलिस के साथ मुठभेड़ में 'रावण' को लगी गोली, जानें क्या है उसकी पूरी क्राइम कुंडली

पुलिस के साथ मुठभेड़ में 'रावण' को लगी गोली, जानें क्या है उसकी पूरी क्राइम कुंडली

 Published : May 22, 2026 10:03 am IST,  Updated : May 22, 2026 10:03 am IST

जहानाबाद में हत्या के मुख्य आरोपी विक्कु सिंह उर्फ ‘रावण’ पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। केस की जांच के दौरान हथियार बरामद करने ले जाते समय उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया।

Jehanabad encounter, Vikkku Singh Ravan, Bihar police encounter, Jehanabad murder case- India TV Hindi
एनकाउंटर में घायल मुख्य आरोपी विक्कु सिंह उर्फ ‘रावण’। Image Source : ANI

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में हत्या के एक मामले के मुख्य आरोपी को गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई। पुलिस के मुताबिक, दीपक शर्मा नाम के शख्स की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विक्कु सिंह उर्फ ‘रावण’ को मुठभेड़ में पैर में गोली लगी है। यह मुठभेड़ घोसी थाना क्षेत्र के दुर्यारी नहर के पास हुई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद हथियार बरामद करने के लिए उसे मौके पर लेकर गई थी। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

21 मई को गिरफ्तार हुआ था विक्कू उर्फ रावण

बता दें कि यह मामला 19 मई का है, जब जहानाबाद के डेढ़सैया गांव में दीपक शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना भेलावर थाना क्षेत्र में हुई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि 21 मई को मुख्य आरोपी विक्कु को SIT ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार घोसी थाना क्षेत्र के एक नहर के पास छिपाया गया है। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए मौके पर लेकर गई।

झाड़ियों में घुसते ही पुलिस पर झोंक दी फायरिंग

SP के मुताबिक, जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची, तो उसने पहले उन्हें दो-तीन अलग-अलग जगहों पर गुमराह किया। इसके बाद जब उसे तीसरे स्थान पर ले जाया गया, तो वह झाड़ियों में हथियार निकालने के बहाने गया और अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी को भी लगी। पुलिस ने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी विक्कु सिंह के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी को पहले घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।