राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में है। तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से शनिवार शाम को कहा गया था कि वह 12 साल से रिलेशनशिप में हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी फोटो एक लड़की के साथ शेयर की थी। तेज प्रताप यादव के फेसबुक पोस्ट पर लड़की का नाम अनुष्का यादव बताया गया। वहीं, अब तेज प्रताप यादव ने इन सारी बातों को अफवाह बताया है।
मेरे परिवारवालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा
पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शनिवार रात लिखा, 'मेरे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म को हैक किया गया है। मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवारवालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है। मैं अपने शुभचिंतकों और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से किया गया था ये पोस्ट
शनिवार शाम को तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपने साथ लड़की का फोटो शेयर कर एक पोस्ट लिखी थी। इस पर उन्होंने लिखा, 'मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं। प्यार भी करते हैं। हम लोग पिछले 12 सालों से रिलेशनशिप में रह रहें हैं। मैं बहुत दिनों से आप लोगों से यह बात कहना चाहता था, पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं? इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं। आशा करता हूं, आप लोग मेरी बातों को समझेंगे।'

फेसबुक अकाउंट हैक होने की कही बात
वहीं, अब तेज प्रताप यादव ने इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था। किसी ने उनके परिवारवालों और उन्हें बदनाम करने के लिए तस्वीरों को एडिट कर ऐसा काम किया है।