1. Hindi News
  2. बिहार
  3. RJD विधायक फतेह बहादुर सिंह बोले- मां दुर्गा का कोई अस्तित्व नहीं, भगवान शिव से संबंध पर कही विवादित बात, खुद को बताया महिषासुर का वंशज

RJD विधायक फतेह बहादुर सिंह बोले- मां दुर्गा का कोई अस्तित्व नहीं, भगवान शिव से संबंध पर कही विवादित बात, खुद को बताया महिषासुर का वंशज

 Published : Oct 27, 2023 07:49 am IST,  Updated : Oct 27, 2023 12:58 pm IST

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी से RJD विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मां दुर्गा को लेकर जो विवादित बयान दिया है, उसको लेकर खासा बवाल मचा हुआ है। RJD विधायक ने कहा है कि दुर्गा का कहीं कोई अस्तित्व नहीं है, यह मनगढ़ंत कहानी है।

Fateh bahadur singh- India TV Hindi
डेहरी से RJD विधायक फतेह बहादुर सिंह Image Source : FILE PHOTO

बिहार के रोहतास जिला के डेहरी के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने एक विवादित बयान दिया है, जिसपर बवाल मच गया है। फतेह बहादुर सिंह ने देवी दुर्गा को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। उन्होंने मां दुर्गा को काल्पनिक बताते हुए कहा है कि देवी दुर्गा का कहीं कोई अस्तित्व नहीं है, यह मनगढ़ंत कहानी है। इतना ही नहीं उन्होंने खुद को महिषासुर का वंशज बताया और कहा कि महिषासुर उनके पूर्वज थे। लिहाजा अब रोहतास में डेहरी से राजद विधायक के खिलाफ लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। यहां लोगों ने उनका पुतला फूंका और विधायक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। 

देवी दुर्गा और भगवान शिव के संबंध पर भी आपत्ति

दरअसल, डेहरी से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मां दुर्गा को काल्पनिक बता दिया और कहा कि यह मनगढ़ंत कहानी है। वे इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि अगर देवी दुर्गा का अस्तित्व था तो ब्रिटिश हुकूमत के समय उन्होंने क्यों नहीं आकर भारत को बचा लिया। अगर वह तीनों लोक की देवी थीं तो क्या भारत में ही तीनों लोक हैं। उन्होंने दुर्गा पूजा जैसे आयोजन को फिजूल खर्ची बताया। आरजेडी नेता ने यह भी कहा कि वाल्मीकि रामायण के अनुसार गौतम बुद्ध पहले आए और राम बाद में आए। उन्होंने देवी दुर्गा और भगवान शिव के संबंध पर भी आपत्ति दर्ज किया।

उन्होंने देवी दुर्गा और भगवान शिव के संबंध पर भी आपत्तिजनक बात कही। उन्होंने कहा कि एक तरफ हिंदू शास्त्रों में बताया जाता है कि भगवान शंकर ने अन्य देवताओं के साथ आह्वान कर देवी दुर्गा की उत्पत्ति की। एक तरह से भगवान शिव ने देवी दुर्गा का आविष्कार किया तो इस रिश्ते से देवी दुर्गा भगवान शिव की पुत्री हुई। वहीं दूसरी ओर देवी दुर्गा को महागौरी के नाम से भी बुलाया जाता है। ऐसे में गौरी भगवान शिव की पत्नी थी, तो क्या भगवान शिव ने अपनी पुत्री से विवाह कर लिया था?

विवादित बयान पर हिन्दू संगठनों के बीच आक्रोश
फतेह बहादुर सिंह के इन विवादित बोल को लेकर कल जिले के डेहरी में विभिन्न हिन्दू संगठनों ने राजद विधायक का पुतला दहन किया। इस दौरान काफी संख्या में हनुमान मंदिर से भाजपा, बजरंग दल और करणी सेना के कार्यकर्ता विधायक के खिलाफ एकजुट हुए। हिंदू संगठनों ने डेहरी विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की और थाने चौक पर उनका पुतला दहन किया। वहीं इस मामले पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि राजद विधायक ने जिस तरह से हिंदुओं के देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की है, वह बर्दाश्त से बाहर है। वे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे नहीं तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ब्राह्मणों पर भी दिया विवादित बयान
इतना ही नहीं डिहरी के राजद विधायक फ़तेह बहादुर सिंह ने ब्राह्मणों पर भी हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि ब्राह्मणों में न्यायिक चरित्र नहीं है। आरजेडी विधायक ने कहा कि अंग्रेजों ने भी कानून बना कर ब्राह्मणों को जज बनाने से इंकार किया था। उन्होंने कहा कि मनुवाद के अनुसार कुकर्मी ब्राह्मणों को भी दंडित किया जाना है। 

(रिपोर्ट- रंजन सिंह)

ये भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश चुनाव: कमलनाथ के पास कितने करोड़ की चल-अचल संपत्ति, नॉमिनेशन में हुआ खुलासा

प्रेग्नेंसी की अफवाहों के बीच अनुष्का शर्मा बेबी बंप फ्लॉन्ट करती आईं नजर! लेटेस्ट तस्वीर देख चौक जाएंगे आप
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।