पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने विधान परिषद चुनाव के लिए सुनील कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, पार्टी का यह फैसला खुद लालू यादव के परिवार को रास नहीं आ रहा है। लालू प्रसाद यादव की बेटी और आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद तीखी पोस्ट शेयर की है।
बिना नाम लिए किया अटैक
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर सुनील कुमार सिंह की तरफ था। उन्होंने उम्मीदवार बनाए गए व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा, "गुटबाजी, भीतरघात और मक्कारी। विरोधियों से उसकी मिलीभगत है और वह नजदीकी का फायदा उठाकर उगाही व वसूली का धंधा करता है। वह झूठी धौंस जमाने के लिए पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ताओं के सामने बहन-बेटियों के बारे में ओछी और अमर्यादित बातें करता है। रोहिणी ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति को लालू जी ने सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे बढ़ाने और पार्टी की बेहतरी की जिम्मेदारी सौंपी, उसने ही ऐसे इंसान को उम्मीदवार कैसे बना दिया?
रोहिणी ने पार्टी नेतृत्व को घेरते हुए पूछा कि क्या आरजेडी में अब समर्पित और वफादार कार्यकर्ताओं की कमी हो गई है? उन्होंने लिखा कि ऐसे गलत लोगों को आगे बढ़ाने की वजह से सालों से मजबूती से खड़े जमीनी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी और असंतोष है। उन्होंने याद दिलाया कि ऐसे ही लोगों की वजह से पिछले साल नवंबर में पार्टी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था।
अपनी चिंता जाहिर करते हुए रोहिणी ने कहा कि पार्टी की स्थापना के समय से ही कई समर्पित, सम्मानित और कट्टर 'लालूवादी' अल्पसंख्यक चेहरे, यादव, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के वरिष्ठ व युवा नेता पार्टी के साथ खड़े हैं। ऐसे वफादार लोगों की अनदेखी करना बेहद गंभीर चिंता का विषय है और यह पार्टी के हित में बिल्कुल भी नहीं है।
सुनील सिंह को दूसरी बार मौका
बता दें कि बिहार में होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए 08 जून को नामांकन तिथि के आखिरी दिन महागठबंधन के प्रत्याशी का नाम सामने आया। आरजेडी की ओर से सुनील सिंह नामाकंन दाखिल करने के लिए पहुंचे। वह पहले से आरजेडी से ही एमएलसी थे और अब फिर से पार्टी ने उन्हें मौका दिया है। बता दें सुनील सिंह लालू परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। राबड़ी देवी के मुंह बोले भाई के रूप में सभी लोग उन्हें जानते हैं।
ये भी पढ़ें-
INDIA ब्लॉक की आज अहम बैठक, आखिर CM विजय की TVK को क्यों नहीं मिला न्योता?