पटना: बिहार की राजनीति में मंगलवार को एक अहम घटनाक्रम देखने को मिला जब सम्राट चौधरी को NDA के विधायक दल का नेता चुन लिया गया और उनका सूबे का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। इस मौके पर सबसे ज्यादा चर्चा उस दृश्य की रही, जब सम्राट चौधरी ने निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाई, जिसके बाद चौधरी ने उनके पैर छुए। इस दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अंत में नीतीश कुमार ने उन्हें बैठने के लिए कहा।
Related Stories
बिहार विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है बीजेपी
बता दें कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों की मौजूदगी में हुई इस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने संवाददाताओं से कहा, 'सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है।' बैठक में JDU के प्रमुख नीतीश कुमार भी उपस्थित थे। इससे कुछ घंटे पहले ही सम्राट चौधरी को BJP के विधायक दल का नेता भी चुना गया था। वह अब बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे और बुधवार को सुबह 11 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। बता दें कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में बीजेपी के पास 89 विधायक हैं और वह सदन में सबसे बड़ी पार्टी है।
VIDEO: जब सम्राट चौधरी ने छुए नीतीश कुमार के पैर
शिवराज सिंह चौहान बनाए गए थे केंद्रीय पर्यवेक्षक
बीजेपी विधायक दल की बैठक पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय में हुई, जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि निवर्तमान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन निवर्तमान मंत्री दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने किया। इसके बाद मौजूद सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को नेता चुन लिया। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक भी हुई, जिसमें उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगाई गई।
सम्राट चौधरी ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया
सम्राट चौधरी ने इस मौके पर कहा, 'पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए यह दायित्व सौंपने के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तथा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मैं बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा।'