1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना, बोले- 'वह बउआ की तरह हैं, उन्हें जो दिया जाता है, वह उसे पढ़ते हैं'

सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना, बोले- 'वह बउआ की तरह हैं, उन्हें जो दिया जाता है, वह उसे पढ़ते हैं'

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 07, 2025 06:18 am IST,  Updated : Mar 07, 2025 06:37 am IST

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बउआ की तरह हैं। उन्हें जो भी लिखकर दिया जाता है, वह उसे पढ़ देते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास ज्ञान की कमी है।

Samrat Choudhary targeted Tejashwi Yadav said he is like Baua he reads whatever is given to him- India TV Hindi
सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना Image Source : PTI

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को ‘बउआ’ (बच्चा) बताते हुए बृहस्पतिार को कहा कि उन्हें जो भी लिखकर दिया जाता है, वह उसे पढ़ते हैं। वित्त विभाग संभाल रहे चौधरी ने इस सप्ताह की शुरुआत में पेश किए गए बजट पर बहस के दौरान राज्य विधानसभा में यह टिप्पणी की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता चौधरी ने कहा, ‘‘उन्हें (तेजस्वी) नहीं पता कि नीतीश कुमार जी ने बिहार के विकास के लिए क्या किया है। उनके पास ज्ञान की कमी है, वह बउआ (बच्चे) हैं। जो भी लिखकर दिया जाता है, उसे पढ़ देते हैं।’’ 

तेजस्वी पर सम्राट चौधरी ने साधा निशाना

सम्राट चौधरी ने कहा, ‘‘वह नीतीश जी के बारे में क्या बात करेंगे। वह 36 साल के हैं और नीतीश जी 74 साल के हैं, लेकिन मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि वह नीतीश कुमार जी बराबरी नहीं कर सकते। नीतीश जी उनसे चार गुना ज्यादा काम कर सकते हैं।’’ चौधरी ने कहा कि पिछले 20 सालों में नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो किया उसकी तुलना (राजद अध्यक्ष) लालू प्रसाद के ‘‘कुशासन’’ से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह जरूर कहूंगा कि कोई राजा रानी के पेट से पैदा नहीं होता। आज मतदाता तय करते हैं कि उनका प्रतिनिधि कौन होगा। नीतीश कुमार जी ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की और आगे भी करते रहेंगे। बिहार में राजद के कार्यकाल में केवल नाच-गाना होता था। विकास की कोई बात नहीं होती थी।’’ 

सम्राट चौधरी बोले- सरकार में फैसले मुख्यमंत्री ही लेते हैं

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ये लोग (राजद के) सिर्फ झूठ फैलाते रहते हैं। मुझे नहीं पता कि वे कौन सा आंकड़ा या कौन सी किताब पढ़ रहे हैं।’’ राजद के दावे कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार के दौरान यादव की वजह से नौकरियां दी गईं, चौधरी ने हमला करते हुए कहा, ‘‘उन्हें संविधान के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सरकार में फैसले मुख्यमंत्री ही लेते हैं। नौकरियां नीतीश कुमार ने दी हैं, राजद ने नहीं।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य के हित के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री ने पहले ही घोषणा कर दी है कि राज्य सरकार इस साल के अंत तक राज्य के युवाओं को 50 लाख नौकरियां (12 लाख सरकारी नौकरियां और 38 लाख अन्य रोजगार) प्रदान करेगी। हमने अब तक 30 लाख रोजगार के अवसर और 9.5 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।’’ 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।