1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मधुबनी में पार्षद के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, SHO समेत दो पुलिसकर्मी घायल

मधुबनी में पार्षद के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, SHO समेत दो पुलिसकर्मी घायल

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 25, 2026 11:59 am IST,  Updated : Jun 25, 2026 12:10 pm IST

मधुबनी में पार्षद के घर छापेमारी करने गई पुलिस पर हमला हो गया। हमले में थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि पार्षद के बेटे ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

 बिहार के मधुबनी में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोपियों के हमले में थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वार्ड पार्षद रुम्मी देवी का बेटा है। घटना नगर थाना के पुरानी बस स्टैंड के पास की है। नगर थानाध्यक्ष के बयान पर 6 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है।

दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास अर्जुन मंडल अपने कुछ सहयोगियों के साथ आगामी मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की योजना बना रहा है। सूचना पर पुलिस टीम रात में ठिकाने पर छापेमारी के लिए पहुंची। एसपी ने बताया कि दरवाजा खुलवाने के बाद अर्जुन मंडल और उसके परिजनों ने छापेमारी का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। 

आरोपियों ने पी रखी थी शराब

पुलिस ने बताया कि अर्जुन मंडल के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। जब उसे शराब जांच के लिए थाना चलने को कहा गया तो उसने अपने भाई, पत्नी और अन्य परिजनों के साथ मिलकर विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान किसन राम नामक व्यक्ति भी वहां पहुंच गया और सभी पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट करने लगा। एसपी ने बताया घटना में नगर थानाध्यक्ष और एक जवान गंभीर रूप घायल हो गए। गला दबाने से पुलिस की जान पर खतरा आ गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस अर्जुन मंडल और किसन राम पर काबू पाया और दोनों को थाना ले गयी।

थाना में ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच के दौरान दोनों अल्कोहल पॉजिटिव पाए गए। दोनों को सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने शराब सेवन की पुष्टि की। पुलिस ने इस मामले में अर्जुन मंडल, किसन राम, सुमन मंडल, सोहन मंडल, अर्जुन मंडल की पत्नी तथा उसकी मां समेत छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है ।अर्जुन मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है और कई कांड पूर्व में भी दर्ज है।

पार्षद रुम्मी देवी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

नगर थाना में दोनों युवक पर सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला, मारपीट, धमकी, शराब सेवन तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं अर्जुन मंडल की मां वार्ड पार्षद रुम्मी देवी ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि आधी रात को दर्जनों पुलिस एक जनप्रतिनिधि के घर बर्बरतापूर्ण कारवाई की है। गिरफ्तार अर्जुन मंडल ने बताया कि हम दोनों को थानाध्यक्ष द्वारा बेरहमी से पीटा गया है। हाथ तोड़ दिया गया।  

रिपोर्ट- राघव मिश्रा

ये भी पढ़ेंः बिहार में भवन निर्माण व‍िभाग के इंजीनियर पवन कुमार के 6 ठिकानों पर EOU ने डाली रेड, आय से अधिक संपत्ति के मामले पर हुई कार्यवाही

समस्तीपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर भिड़े दो दोस्त, बाग में मारपीट और फायरिंग; कार को किया आग के हवाले 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।