1. Hindi News
  2. बिहार
  3. वाह रे सरकारी सिस्टम! ठंड लगी तो अस्पताल के गेट पर EYE ड्रॉप के बंडल को जलाकर तापा, बरामद की गईं दवाइयां-VIDEO

वाह रे सरकारी सिस्टम! ठंड लगी तो अस्पताल के गेट पर EYE ड्रॉप के बंडल को जलाकर तापा, बरामद की गईं दवाइयां-VIDEO

 Published : Dec 26, 2025 12:30 pm IST,  Updated : Dec 26, 2025 12:45 pm IST

सरकारी दवाइयों को जलाकर तापे जाने के बाद पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना स्थल से बड़ी संख्या में दवाइयों को भी जब्त किया गया है।

आई ड्रॉप जलाकर तापा गया- India TV Hindi
आई ड्रॉप जलाकर तापा गया Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के सीतामढ़ी से सरकारी विभाग की लापरवाही का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सदर अस्पताल परिसर में सरकारी दवाओं को जलाकर आग तापी गई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने भी जांच शुरू कर दी।

एक आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही उजागर हो गई है। इस मामले में सदर अस्पताल में तैनात टीओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद गुलाब के रूप में हुई है।

मॉक्सिफ्लॉक्सासिन आई ड्रॉप दवाइयां जलाई गईं

पुलिस के अनुसार, युवक अस्पताल परिसर में मॉक्सिफ्लॉक्सासिन आई ड्रॉप जैसी सरकारी दवाओं को जलाकर आग ताप रहा था। जांच में सामने आया है कि ये दवाएं दिसंबर 2025 में एक्सपायर होने वाली थीं, यानी अभी उपयोग योग्य थीं। मौके से संबंधित दवाओं को बरामद कर लिया गया है।

अस्पताल के प्रबंधन की कार्यशैली पर खड़े हुए सवाल

बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से कुछ बाहरी लोग दलाल के रूप में अवैध रूप से रह रहे हैं। उन्हीं के द्वारा इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले ने अस्पताल प्रशासन और प्रबंधन की कार्यशैली पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी दवाएं आम लोगों के हाथ कैसे लगीं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दवाएं कहां से और किसकी मिलीभगत से बाहर आईं? वहीं, इस घटना के बाद सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और दवा भंडारण प्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है।

सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।