भारत-नेपाल सीमा पर करोड़ों रुपये का गांजा पकड़ा गया है। इसे नेपाल से तस्करी कर भारत लाया जा रहा था। बिहार एसटीएफ और सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए गांजे की कीमत एक करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। तस्करों ने गांजा लाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। उन्होंने अपनी गाड़ी को दूल्हे की गाड़ी की तरह सजा रखा था। पुलिस ने जब उन्हें रोका तब भी उन्होंने कहा कि वह शादी में पहुंचने के लिए लेट हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने जांच की तो गांजे के 10 गट्ठे मिले। इसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों सगे भाई हैं।
तस्करों ने तस्करी के लिए नायाब तरीका अपनाया था, जिससे पुलिस को चकमा दिया जा सके। दूल्हे को लेकर जाने वाली कार बनाकर गांजा तस्करी में उसका इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन तस्करों की खेल को एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने बेनकाब कर दिया है और दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है।
तस्करी वाली कार को दूल्हे की गाड़ी के जैसे सजाया
इन दिनों शादियों का समय चल रहा है। ऐसे में फूल माला से सजाकर क्रेटा कार को दूल्हे की कार बना दिया गया था और उससे गांजा तस्करी की जा रही थी। सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों का एक गिरोह गांजे की बड़ी खेप लेकर नेपाल से सुरसंड के रास्ते निकलने वाला है। इसके बाद एसटीएफ की विशेष टीम और सुरसंड थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फूल मालाओं से सजी दूल्हे के लिए बनी कार को चेकिंग के लिए रोका।
कार में मिला 142 किलो से ज्यादा गांजा
पुलिस के रोकने पर कार सवार लोगों ने कहा कि उन्हें शादी में जाना है, लेट हो जाएगा और फिर भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद उन्हें पकड़ा गया और वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 142 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करोड़ों में है, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई। वहीं, इस दौरान दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान परिहार थाना क्षेत्र के मसहा निवासी विकास महतो और अमित कुमार के रूप में की गई है। दोनों उमेश महतो के पुत्र है और सगे भाई हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस ने लाल रंग की क्रेटा कार को जप्त किया है।
(सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
बिहार के प्रभारी मंत्रियों के जिलों की सूची जारी, जानें किसे कहां की मिली जिम्मेदारी