बिहार में सुधा डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें शुक्रवार से लागू होंगी। अब उपभोक्ताओं को सुधा दूध खरीदने के लिए पहले से 2 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। नई दरों के मुताबिक सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध की कीमत 65 रुपये से बढ़ाकर 67 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। जबकि, सुधा शक्ति दूध अब 57 की जगह 59 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। बिहार से पहले राजस्थान में भी दूध की कीमतें बढ़ाई गईं। राजस्थान की सरस डेयरी ने भी दूध की कीमतों में दो रुपये का इजाफा किया है। राजस्थान में दूध के साथ दही, घी और दूध से बनने वाले अन्य उत्पादों की कीमतें भी बढ़ी हैं, लेकिन बिहार में दही और घी के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं।
एक सप्ताह पहले अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम दो रुपये बढ़ाए थे। इसके बाद से कई राज्यों में दूध की कीमतें बढ़ चुकी हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने का असर सभी उत्पादों पर पड़ा है। दूध को किसानों से लेकर लोगों के घरों तक पहुंचाने में परिवहन की लागत भी बढ़ी है। इस वजह से दूध की कीमतें हर जगह बढ़ रही हैं।
भीषण गर्मी भी डाल रही असर
पूरे देश में इन दिनों भारी गर्मी पड़ रही है। इसका असर दूध के उत्पादन पर भी पड़ा है। भीषण गर्मी से पशुओं में हीट स्ट्रेस होता है। इससे उनका दूध कम होता है। दूध का उत्पादन कम होने से भी कीमतें बढ़ रही हैं। वहीं, दही और छांछ की मांग इन दिनों चरम पर है। यह भी दूध के उत्पादों की कीमतें बढ़ाने में योगदान दे रही है। केरल की प्रमुख सहकारी दूध कंपनी मिल्मा ने एक जून से दूध की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने कहा कि उत्पादन और वितरण की लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है और डेयरी किसानों को नुकसान हो रहा है। इससे बचने के लिए कीमतें बढ़ाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें-
बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से मिलने वाली है राहत, 19 जिलों में बारिश का अलर्ट; गिर सकते हैं ओले
'जाति देखकर एनकाउंटर' वाले बयान पर तेजस्वी को घेर लिया! CM सम्राट चौधरी का एक लाइन वाला जवाब वायरल