पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अब एनडीए सरकार बनाने जा रही है और उसने जदयू नेता नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया है और नीतीश कुमार 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया है। बुधवार को नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया और अब वे कल सुबह 11.30 बजे शपथ ग्रहण करेंगे।
कल सुबह जिसे फोन जाएगा वही होगा मंत्री
नीतीश की नई कैबिनेट में कौन विधायक मंत्री बनेगा, ये अभी तक तय नहीं है। हालांकि कहा जा रहा है कि नाम सबके तय हो गए हैं, बस फोन कॉल जाना है। वैसे अभी तक तो किसी को फोन नहीं गया है। कल सुबह जिसे फोन जाएगा वही नई कैबिनेट में मंत्री बनेगा।
जदयू के कोटे से संभावित मंत्रियों के नाम
- विजय कुमार चौधरी( भूमिहार)
- विजेंद्र यादव( यादव)
- श्रवण कुमार (कुर्मी)
- अशोक चौधरी (दलित-पासी)
- संतोष निराला/सुनील कुमार (दलित-रविदास)
- जमा खान (मुस्लिम)
- लेसी सिंह (राजपूत)
- दामोदर रावत (अति पिछड़ा)
- जयंत राज/भगवान सिंह कुशवाहा(कुशवाहा)
पटना पहुंचे अमित शाह, पीएम मोदी कल आएंगे
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश के गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंच गए हैं और पीएम मोदी कल सुबह पटना पहुंचेंगे। आज शाम से ही नेताओं और विशिष्ट लोगों का आना जारी है। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। वहीं, कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी पटना आएंगे।
रूडी, शाहनवाज ने कही ये बात...
भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "बिहार, भारत और दुनिया के इतिहास में यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दसवीं बार शपथ लेंगे... यह बिहार के लिए एक ऐतिहासिक दौर होगा। प्रधानमंत्री मोदी कल आएँगे... कल का दिन ऐतिहासिक होगा..."
भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, "बहुत उत्साह है। नीतीश कुमार 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे। बिहार का सौभाग्य है कि उसे सबसे अनुभवी सीएम मिला है...पीएम मोदी भी वहां मौजूद रहेंगे...।"
ये भी पढ़ें:
गांधी मैदान में नीतीश कुमार कल चौथी बार लेंगे सीएम पद की शपथ, एक बार लालू यादव का हो चुका है शपथ ग्रहण
बिहार की नई सरकार में कौन-कौन बन रहा है मंत्री? यहां देखिए संभावित लिस्ट