1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लालू यादव के दोनों बेटों में बढ़ी दरार, तेज प्रताप ने तेजस्वी को दिया ये चैलेंज

लालू यादव के दोनों बेटों में बढ़ी दरार, तेज प्रताप ने तेजस्वी को दिया ये चैलेंज

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 01, 2025 12:49 pm IST,  Updated : Aug 01, 2025 12:49 pm IST

तेज प्रताप यादव ने महुआ से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव प्रचार करते हुए हुए तेजस्वी यादव को मुरली बजाने की चुनौती दी। तेजस्वी और मुकेश रोशन पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कई बड़े बयान दिए।

Tej Pratap Yadav, Tejashwi Yadav, Bihar assembly election, Lalu Yadav- India TV Hindi
तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव। Image Source : PTI

पटना: राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को खुली चुनौती दी है। महुआ विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव प्रचार शुरू करते हुए तेज प्रताप ने तेजस्वी को 'अर्जुन' होने का दावा साबित करने के लिए बांसुरी बजाने का चैलेंज दे डाला। इसके साथ ही उन्होंने महुआ के मौजूदा RJD विधायक मुकेश रोशन को 'बहरूपिया' करार देते हुए तीखा हमला बोला।

तेजस्वी को मुरली बजाने की चुनौती

महुआ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेज प्रताप ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा, 'देखिए, अर्जुन और कृष्ण का क्या रिश्ता है, ये बताने की जरूरत नहीं है। तेजस्वी को अर्जुन अगर माना था तो अर्जुन माना था। और तेजस्वी जी बोल रहे हैं कि हम अर्जुन हैं, तेजस्वी मुरली बजाकर दिखाएं, तो हम मान जाएं कि हम अर्जुन हैं, वो कृष्ण हैं।' इस बयान ने दोनों भाइयों के बीच बढ़ती दरार को साफ तौर पर उजागर कर दिया है।

RJD से निष्कासन के बाद नई सियासी पारी

गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव ने कुछ समय पहले तेज प्रताप को RJD से निकालने का ऐलान किया था। इसके बाद तेज प्रताप लंबे समय तक अंडरग्राउंड रहे। अब उन्होंने महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपनी नई सियासी पारी शुरू की है। प्रचार के दौरान उन्होंने न केवल अपने छोटे भाई पर तंज कसा, बल्कि क्षेत्र की जनता से खुद को मौका देने की अपील भी की। तेज प्रताप के बयान से साफ है कि तेज प्रताप ने मुकेश रोशन को निशाने पर लिया है और क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।

मुकेश रोशन पर 'बहरूपिया' का तंज

तेज प्रताप ने महुआ के मौजूदा RJD विधायक मुकेश रोशन पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने मुकेश को 'बहरूपिया' करार देते हुए कहा, 'यहां पर बहुत सारा बहरूपिया भी घूम रहा है। वो ऐसा बहरूपिया, बच्चा की तरह रोने लगता है। जब भी वो रोए बहरूपिया, तो बहरूपिया को झुनझुना दे दीजिए। ले झुनझुना बजा। इसलिए कोई बहरूपिया के चक्कर में नहीं, आप देख लीजिए मेरी। जब-जब हम महुआ आते हैं, तब-तब यहां का बहरूपिया विधायक रोने लगता है।' उन्होंने जनता से अपील की कि अगर 'बहरूपिया' उनके बीच आए, तो उसे झुनझुना थमा दें।

महुआ के लिए तेज प्रताप का वादा

चुनाव प्रचार के दौरान तेज प्रताप ने महुआ की जनता को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई वादे किए। उन्होंने खास तौर पर परसौनिया की सब्जी मंडी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'महुआ के परसौनिया में एक सब्जी मंडी है। अगर हम विधायक बनते हैं, तो सब्जी मंडी के लिए एक अलग ही बिल्डिंग बना देंगे। गरीब है, महिला है, सड़क किनारे वो लोग सब्जी बेचते हैं। उनके लिए बढ़िया एक जगह हो जाएगा और वो लोग सब्जी बेचेंगे।'

लालू परिवार में बढ़ती सियासी खटास

तेज प्रताप का यह बयान लालू परिवार में लंबे समय से चल रही सियासी खटास को और उजागर करता है। तेजस्वी यादव, जो RJD के सबसे बड़े चेहरे के रूप में उभरे हैं, और तेज प्रताप के बीच मतभेद पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। तेज प्रताप का निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला और तेजस्वी को दी गई यह खुली चुनौती RJD के अंदरूनी कलह को और गहरा सकती है। महुआ में तेज प्रताप का प्रचार अभियान अब जोर पकड़ रहा है। उनके तीखे बयानों और विकास के वादों ने क्षेत्र में सियासी माहौल को गरम कर दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।