1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: तेज प्रताप मामले पर फिर सामने आया तेजस्वी यादव का बयान, पिता के एक्शन पर कही ये बात; VIDEO

बिहार: तेज प्रताप मामले पर फिर सामने आया तेजस्वी यादव का बयान, पिता के एक्शन पर कही ये बात; VIDEO

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 02, 2025 06:18 pm IST,  Updated : Jun 02, 2025 06:18 pm IST

तेज प्रताप यादव को लेकर हुए विवाद पर एक बार फिर तेजस्वी यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने अपने पिता के निर्णय के साथ सहमति जताई है।

Tej Pratap Yadav, Tejashwi Yadav- India TV Hindi
तेजस्वी यादव ने तेज प्रताप विवाद पर दिया बयान Image Source : INDIA TV

पटना: बिहार में लालू परिवार को लेकर काफी चर्चा चल रही है। लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर निकाल दिया है। इस बीच लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने एक बार फिर अपने भाई तेज प्रताप को लेकर बयान दिया है।

तेजस्वी यादव ने तेज प्रताप को लेकर क्या कहा?

तेजस्वी यादव ने कहा, 'राष्ट्रीय अध्यक्ष (लालू यादव) ने जो निर्णय लिया है, मुझे लगता है कि अब उस पर कोई बातचीत नहीं होना चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे अनुभवी हैं। बिहार की भलाई किसमें है, पार्टी की भलाई कैसे होगी, यह वह जानते हैं। जब एक बार उन्होंने निर्णय ले लिया तो इस पर बातचीत होनी नहीं चाहिए। हमको किसी की निजी जिंदगी पर कोई टीका टिप्पणी नहीं करना है।'

तेज प्रताप को लेकर क्या है विवाद? क्यों परिवार ने किया किनारा?

तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया हैंडल पर एक लड़की के साथ उनकी तस्वीर वायरल हुई। इस लड़की का नाम अनुष्का यादव है। पोस्ट में दावा किया गया कि ये लड़की और तेज प्रताप रिलेशनशिप में हैं, जबकि तेज प्रताप यादव की पहले ही शादी हो चुकी है और तलाक का मामला चल रहा है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद तेज प्रताप विवादों में घिर गए। हालांकि तेज प्रताप ने बाद में ये दावा किया कि उनके सोशल मीडिया को हैक किया गया है लेकिन तब तक मामला गरमा चुका था।

लालू ने तेज प्रताप को लेकर क्या कहा था?

मामले के सामने आने के बाद तेज के पिता लालू यादव ने उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया। लालू यादव ने तेज को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। लालू यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।'

लालू ने कहा, 'अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।