1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्ष भिड़े; तीन घायल, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम

सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्ष भिड़े; तीन घायल, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम

 Published : Sep 10, 2026 05:46 pm IST,  Updated : Sep 10, 2026 05:46 pm IST

पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र स्थित जिहुली गांव में सड़क पर पानी गिराने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प हो गई। धारदार हथियार से किए गए हमले में देवर और भाभी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल है।

Bihar News- India TV Hindi
सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्ष भिड़े Image Source : REPORTER INPUT

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण): सड़क पर महज पानी गिराने जैसी छोटी सी बात ने बुधवार की देर शाम पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में खूनी रूप ले लिया। जिहुली पंचायत के जमुनी टोला गांव में शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक मारपीट और हत्या में बदल गई। विवाद के दौरान धारदार हथियार से किए गए ताबड़तोड़ वार में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान देवर और भाभी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी है।

पानी गिराने से शुरू हुआ विवाद, चले धारदार हथियार

स्थानीय सूत्रों और पीड़ितों के परिजनों के अनुसार, घटना जमुनी टोला में संजय सिंह के घर के पास हुई। पीड़ित मोहसीन अख्तर सड़क पर पानी गिरा रहे थे, जिसका विरोध स्थानीय निवासी संजय सिंह ने किया। पानी गिराने से मना करने पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि संजय सिंह और उसके सहयोगियों ने मोहसीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर दूसरे पक्ष ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हिंसक हमले में मरीना खातून (35), जमील अख्तर (36) और मोहसीन अख्तर (40) बुरी तरह जख्मी हो गए।

अस्पताल में देवर-भाभी ने तोड़ा दम

घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बिहार के पताही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया। डॉक्टरों ने मरीना खातून और जमील अख्तर की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जख्म गहरे होने के कारण इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक आपस में रिश्ते में देवर-भाभी बताए जा रहे हैं। वहीं, तीसरे घायल मोहसीन अख्तर की हालत फिलहाल खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपित गिरफ्तार

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही मोतीहारी पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने घटना में संलिप्त मुख्य आरोपित संजय सिंह (पिता सिया राम सिंह), नागनारायण सिंह (पिता सीता राम सिंह) और लक्ष्मीनारायण सिंह (पिता स्व. लगन सिंह) को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी जिहुली गांव के ही रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

(रिपोर्टर- अरविन्द कुमार मोतिहारी)

ये भी पढ़ें-

बिहार के लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, हादसे में 8 मजदूर घायल; 2 की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।