1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से इस दिन मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज

बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से इस दिन मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज

 Written By: Mangal Yadav
 Published : May 31, 2024 07:33 pm IST,  Updated : Jun 01, 2024 06:27 am IST

बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से अगले 48 घंटे के अंदर बड़ी राहत मिल सकती है। दो जून को पटना में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, प्रदेश में लू लगने से लोगों के मरने की खबरें भी सामने आ रही हैं।

बिहार में पड़ रही है भीषण गर्मी- India TV Hindi
बिहार में पड़ रही है भीषण गर्मी Image Source : PTI

पटनाः बिहार में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से करोड़ों लोग परेशान है। बिहार के कई जिलों में लू और भीषण गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। राज्य में लू लगने से रोजाना लोग मर रहे हैं। इस बीच मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि शनिवार को कुछ जिलों में हीटवेव (लू) जारी रहेगा। इनमें कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद जिले शामिल हैं। 

पटना में दो जून को होगी बारिश

 आशीष कुमार ने बताया कि शनिवार के बाद हीटवेव से लोगों को राहत मिल सकती है। इस दौरान कई जिलों में तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पटना में दो जून की शाम हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि लोगों को अभी गर्मी से ज़्यादा राहत नहीं मिलने वाली है। आशीष ने बताया कि हम बिहार में समय से मानसून आने की उम्मीद कर रहे हैं। अभी मानसून केरल में है। 

औरंगाबाद में लू लगने से 5 लोगों की मौत

उधर, औरंगाबाद में लू लगने के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि हीट स्ट्रोक के अब तक 103 मामले आए हैं। कुछ लोग इलाज के बाद चले गए और कुछ का इलाज जारी है। अब तक 5 लोगों की मृत्यु हुई है। हमारे यहां स्पेशल हीट वार्ड बनाए गए हैं जिसमें तमाम सुविधाएं हैं।

बिहार में 14 लोगों की लू लगने से हुई थी मौत

बिहार में पिछले 24 घंटे में लू लगने से 10 मतदान कर्मियों सहित 14 लोगों की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अधिकतर मौतें भोजपुर में हुईं, जहां चुनाव ड्यूटी पर तैनात पांच अधिकारियों की लू लगने से मौत हो गई। बयान में कहा गया है कि रोहतास में तीन चुनाव अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि कैमूर और औरंगाबाद जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसमें कहा गया है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चार अन्य लोगों की मौत हो गई।

बिहार में पड़ रही है भीषण गर्मी
Image Source : PTIबिहार में पड़ रही है भीषण गर्मी

बयान में कहा गया है कि मृतकों के परिवारों को अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है, क्योंकि कई जगहों पर पारा 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। बृहस्पतिवार को बक्सर 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म जगह रहा। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।