1. Hindi News
  2. बिहार
  3. क्या है 'लैंड फॉर जॉब' केस? आज लालू प्रसाद यादव से ईडी करेगी पूछताछ

क्या है 'लैंड फॉर जॉब' केस? आज लालू प्रसाद यादव से ईडी करेगी पूछताछ

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Avinash Rai
 Published : Mar 19, 2025 11:00 am IST,  Updated : Mar 19, 2025 11:18 am IST

जमीन के बदले नौकरी मामले में आज प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष लालू यादव की पेशी होने वाली है। इस बीच तेजस्वी यादव ने बयान देते हुए कहा कि हमारे खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के कारण मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

What is land for job case ED will question Lalu Prasad Yadav today - India TV Hindi
लालू प्रसाद यादव Image Source : PTI

लैंड फॉर जॉब मामले में आज लालू प्रसाद यादव से प्रवर्तन निदेशालय पूछताछ करने वाली है। लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी से हुई पूछताछ पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'हम कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हैं। राजनीतिक प्रतिशोध के कारण हमारे खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। वे जितना संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करेंगे, हम उतने ही मजबूत होंगे। भाजपा और आईटी सेल की सारी टीमें अब सिर्फ बिहार में काम करेंगी।" बता दें कि जमीन के बदले नौकरी मामले में पूछताछ के लिए राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की आज ईडी के सामने पेशी होनी है।

'लैंड फॉर जॉब' घोटाला क्या है?

दरअसल लालू प्रसाद यादव यूपीए 1 सरकार में साल 2004 से 2009 तक रेलवे मंत्री थे। इस दौरान लालू के सत्ता में रहते हुए रेलवे में ग्रुप डी की भर्तियां निकाली गईं। इसी भर्ती में लालू पर धांधली का आरोप है। दरअसल लालू यादव पर आरोप है कि उन्होंने नौकरी देने के बदले घूस के रूप में लोगों की जमीन ली। ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, लालू परिवार की 7 जगहों पर जमीनें मिली हैं। लालू परिवार पर 600 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। बता दें कि यह पूरा घोटाला रेलवे की भर्ती से ही संबंधित है। सीबीआई द्वारा इस मामले में लालू के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी केस दर्ज किया गया है। वहीं लालू पर परिजनों के नाम पर नौकरी के बदले बतौर रिश्वत लोगों की जमीनें लेनने का आरोप है। लालू पर यह आरोप भी है कि उन्होंने रेल मंत्री रहते हुए बिना कोई विज्ञापन जारी किए रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी के लिए कई लोगों की भर्ती की थी। 

सस्ते में ली करोड़ों की जमीन

सीबीआई की मानें तो लालू यादव ने रेलवे मंत्री रहने के दौरान जिन लोगों को रेलवे में नौकरी दिलाई, उनसे बतौर रिश्वत जमीनें ली गईं, जो परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर हैं। लालू ने पत्नी राबड़ी, बेटी मीसा समेत कई परिजनों के नाम पर इन प्लॉट्स को लिया। सीबीआई के मुताबिक नौकरी देने के एवज में लालू ने 12 लोगों से 7 प्लॉट सस्ते में या बिना कुछ दिए ही हासिल कर लिए। लालू पर आरोप है कि उन्होंने इस घोटाले में उन्होंने केवल बिहार के ही लोगों की नौकरी दी और करीब 4 करोड़ की जमीन को मात्र 26 लाख रुपये में ही अपने नाम पर करवा ली। इस मामले में लालू के परिवार के कुल 5 सदस्यों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, मीसा भारती और हेमा यादव शामिल हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।