1. Hindi News
  2. बिहार
  3. प्रशांत किशोर कितनी संपत्ति के मालिक हैं? बांकीपुर उपचुनाव के लिए दाखिल शपथपत्र में दी जानकारी

प्रशांत किशोर कितनी संपत्ति के मालिक हैं? बांकीपुर उपचुनाव के लिए दाखिल शपथपत्र में दी जानकारी

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 14, 2026 07:48 am IST,  Updated : Jul 14, 2026 01:13 pm IST

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने अपना शपथ पत्र दाखिल किया है, जिसमें उनकी संपत्ति का भी जिक्र है। शपथ पत्र के मुताबिक, प्रशांत किशोर करोड़पति हैं।

Prashant Kishor- India TV Hindi
प्रशांत किशोर Image Source : INDIA TV

पटना: 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार (13 जुलाई) को नामांकन दाखिल किए गए। ये सीट इसलिए भी चर्चा में आ गई है क्योंकि यहां से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ रहे हैं। प्रशांत किशोर ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष जो शपथपत्र दाखिल किया, उसमें उनकी संपत्ति की जानकारी दी गई है।

बता दें कि प्रशांत किशोर और नीरज सिन्हा ने 13 जुलाई को बांकीपुर से नामांकन तो भरा लेकिन इस दिन खूब हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ।

प्रशांत के पास 96 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति

प्रशांत किशोर ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल शपथपत्र में बताया है कि उनके पास  96 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। वह कुल 96.06 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 73.87 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।

शपथपत्र के मुताबिक, प्रशांत के पास 65,570 रुपये नकद हैं। प्रशांत किशोर की एक निजी कंपनी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसी कंपनी ने जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये दिए और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपए का दान दिया। 

प्रशांत की पत्नी के पास कितनी संपत्ति है?

प्रशांत किशोर ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल शपथपत्र में बताया है कि उनकी पत्नी के पास 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 12.42 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। प्रशांत की पत्नी के पास 1,95,200 रुपये नकद हैं। 

कितना पढ़े-लिखे हैं प्रशांत किशोर?

शपथपत्र के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने 1991 में बक्सर के एम.पी.हाई स्कूल से दसवीं और 1993 में पटना विज्ञान महाविद्यालय से 12वीं की है। 1996 से 1999 के बीच उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से BBA किया। 2001 से 2003 के दौरान उन्होंने हैदराबाद से स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन में MHA की डिग्री हासिल की। 

साल 2010 में उन्होंने फ्रांस के क्लेरमों-फेरां विश्वविद्यालय से संबद्ध कैविलाम, विची में फ्रेंच भाषा की भी पढ़ाई की है।

बांकीपुर में उपचुनाव क्यों हो रहा है?

बांकीपुर में विधानसभा उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि इस सीट पर बीजेपी नेता नितिन नवीन ने इस्तीफा दे दिया था। नितिन नवीन ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में भारी मतों से जीत हासिल की थी लेकिन बाद में वह राज्यसभा चले गए। इसके बाद उन्होंने बांकीपुर सीट से इस्तीफा दिया, जिससे ये सीट खाली हो गई। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें-

मैं किसी ऐसे व्यक्ति से नहीं मिलूंगा जो पार्टी को 1,000 रुपये का चंदा नहीं देगा: प्रशांत किशोर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।