1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में भैंस के पैसों को लेकर हुआ खूनी विवाद, महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी हुआ फरार

पटना में भैंस के पैसों को लेकर हुआ खूनी विवाद, महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी हुआ फरार

 Published : Jun 19, 2026 11:25 am IST,  Updated : Jun 19, 2026 12:45 pm IST

बिहार की राजधानी पटना में भैंस के बकाया एक लाख रुपये के विवाद में एक महिला की जान चली गयी। समय पर भैंस का बकाया पैसा नहीं देने पर आरोपी ने गोली चला दी और जिससे महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पटना महिला हत्या मामला- India TV Hindi
पटना महिला हत्या मामला Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना के पंचरुखिया थाना क्षेत्र के खरपड़ी गांव में एक भैंस के बकाया एक लाख रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भैंस खरीद-बिक्री के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 18 जून 2026 की आधी रात को घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एक लाख रुपए था बकाया

मृतका की पहचान खरपड़ी गांव निवासी रानी देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व संजय पासवान ने वीरू पासवान से ढाई लाख रुपये में एक भैंस खरीदी थी। इस सौदे में डेढ़ लाख रुपये का भुगतान पहले ही कर दिया गया था, जबकि एक लाख रुपये बकाया था। इसी बकाया राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

कहासुनी में चला दी गोली

मृतका के पुत्र ने बताया कि गुरुवार की देर रात करीब दो बजे वीरू पासवान अपने दो सहयोगियों के साथ उनके घर पहुंचा। वहां उसने बकाया एक लाख रुपये की मांग की। इसी दौरान वीरू पासवान और संजय पासवान के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में हथियार निकाल लिया और संजय पासवान को निशाना बनाकर गोली चला दी। हालांकि संजय पासवान बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली उनकी पत्नी रानी देवी को जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद आरोपी वीरू पासवान अपने दोनों साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना मिलते ही पटना के पंचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए पूरे घर को सील कर दिया है तथा फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामला लेनदेन के विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

(पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।