1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल आपदा में अब तक 359 लोगों की मौत, 1300 से ज्यादा लोग लापता, इनमें 288 भारतीय शामिल
  Live Now

नेपाल आपदा में अब तक 359 लोगों की मौत, 1300 से ज्यादा लोग लापता, इनमें 288 भारतीय शामिल

 Written By: Shakti Singh
 Updated : Aug 27, 2026 07:34 pm IST

नेपाल में बाढ़ के कारण आई तबाही के बीच सैकड़ों लोग लापता हैं। यहां बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं। इस बाढ़ में फंसे हुए भारतीयों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

Nepal- India TV Hindi
नेपाल में बाढ़ के बाद के हालात Image Source : PTI

नेपाल में भीषण बाढ़ के चलते अब तक 359 लोगों की मौत हो चुकी है और 1300 से ज्यादा लोग लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत के 288 लोग लापता हैं। इनमें से अधिकतर मानसरोवर यात्रा पर गए थे। घटना का भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है और अगले ही पल मलबे के साथ आया पानी सब तबाह कर देता है। यह बाढ़ तिब्बत से शुरू हुई थी। इसने कई कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जरूरी पुल बहा दिए और एक दर्जन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को नुकसान पहुंचाया।

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनल ने संसद को बताया कि तिब्बत इलाके में सुबह 8:37 बजे (लोकल टाइम) भूकंप आया और तीन मिनट बाद अचानक बाढ़ आने की खबर मिली, जिससे लगता है कि झटकों की वजह से ग्लेशियर फटने से बाढ़ आई होगी। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ भोटेकोशी नदी से होकर आई और तिब्बत की सीमा से लगे रसुवा और धाडिंग जिलों को प्रभावित किया। नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने बताया कि नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर मौजूद लहेंडे नदी में चट्टानों के खिसकने और उसके उफान की वजह से रसुवा जिले के बॉर्डर वाले शहर तिमुरे में भोटे कोशी से त्रिशूली नदी में भारी बाढ़ आ गई।

288 भारतीय नागरिक लापता

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद 288 भारतीय नागरिक भी लापता हैं। इनमें मानसरोवर यात्रा पर गए कई तीर्थयात्री भी शामिल हैं। काठमांडू में भारतीय दूतावास और तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों ने प्रभावित भारतीयों और उनके रिश्तेदारों के लिए हेल्पलाइन शुरू की हैं।

Live updates :Nepal floods

Auto Refresh
Refresh
  • 7:34 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    नेपाल त्रासदी में बंगाल के 32 लोग लापता: CM

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जानकारी दी है कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ में बंगाल के 32 लोग लापता हैं, एक से संपर्क हुआ।

  • 5:37 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 359 हुई

    नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद आई भीषण बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 359 हो गई है। 

  • 5:24 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    नेपाल आपदा में मरने वालों की संख्या हुई 353

    नेपाल में आई आपदा में कम से कम 353 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,300 से अधिक लोग लापता हैं। लापता लोगों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक और तीर्थयात्री भी शामिल हैं।

  • 5:05 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों के लिए योगी सरकार ने संभाला मोर्चा

    नेपाल की आपदा में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों को निकालने के लिए योगी सरकार ने मोर्चा संभाला। सीएम योगी की सक्रियता से राहत-बचाव कार्य तेज हो गया है। एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें नेपाल पहुंचीं। मुख्यमंत्री की निगरानी में राहत-बचाव के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिजनों के लिए 1070 हेल्पलाइन जारी की गई है। 4 रबर बोट के साथ एल्युमिनियम बोट भी नेपाल भेजी जा रही है।

  • 3:38 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    कहां से कितने शव बरामद हुए?

    नेपाल पुलिस के मुताबिक, अब तक बरामद शवों में चितवन से 108, नवलपरासी पूर्व से 62, धादिंग से 27, गोरखा से 20, रसुवा से 17, नवलपरासी पश्चिम से 15, नुवाकोट से 12 और तनहुन से 9 शव बरामद किए गए हैं।

  • 3:37 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    270 लोगों की मौत, 700 से ज्यादा लोग लापता

    नेपाल में आए सैलाब की चपेट में आने से अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। 

  • 3:36 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    भारत में कहां से लापता हैं 288 नागरिक?

    73 त्रिशूली में काम करने वाले लोग
    37 और 49 लोगों के दो अलग-अलग  गुटों में तमिलनाडु के लोग, कैलाश ममनसोरवर यात्रा के लिए गए थे जो लापता हैं।
    32 वेस्ट बंगाल के लोग
    केरल के 40 से ज्यादा लोग
    अलग-अलग राज्यों से 61 लोग

  • 2:55 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    288 भारतीय नागरिक लापता

    विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि नेपाल में आई बाढ़ के बाद भारत के 288 नागरिक लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। अब तक 800 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर आई है। वहीं, 270 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा नुकसान चितवन इलाके में हुआ है।

  • 2:47 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    मृतकों की संख्या 270 पहुंची

    रसुवा के भोटेकोशी में आई भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या 270 पहुंच गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार, चितवन में सबसे अधिक 108 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह पूर्वी नवलपरासी में 62, पश्चिमी नवलपरासी में 15 और धादिंग में 27 शव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, गोरखा में 20, नुवाकोट में 12, तनहूं में 9 और रसुवा में 17 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। नेपाल पुलिस ने बताया कि 52 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में 26, ट्रॉमा सेंटर में 20, वीर अस्पताल में 2, नर्भिक अस्पताल में 2, मनमोहन अस्पताल में 1 और वीरेन्द्र सैनिक अस्पताल में 1 व्यक्ति का उपचार किया जा रहा है।

  • 2:15 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    हम सब एक साथ खड़े हैं- किरेन रिजिजू

    नेपाल में बाढ़ के हालात पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "प्रधानमंत्री ने भी शोक संदेश दिया है, और भारत की तरफ से प्रधानमंत्री ने नेपाल बाढ़ पीड़ितों को जो मदद की पेशकश की है, हम सब भी अपनी संवेदनाएं देते हैं। चाहे हमारा पड़ोसी देश हो या कहीं भी, जब कोई दुखद घटना होती है, तो हम सब अपनी संवेदनाएं जताते हैं। हम सब एक साथ खड़े हैं।" बॉर्डर इलाकों में अलर्ट पर आगे उन्होंने कहा, "एडमिनिस्ट्रेशन और NDRF के इंतज़ाम हैं। हमारे यहां कोई भी प्राकृतिक आपदा आती है, भारत के पास प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की पहले से ही तैयारी है। इसलिए मेरा मानना ​​है कि हमारी तैयारी अच्छी है, और नेपाल में जो घटना हुई है, उसे लेकर हम सब बहुत परेशान हैं>"

  • 12:39 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    गाजियाबाद में एनडीआरएफ की चार टीमें रिजर्व

    एनडीआरएफ आईजी नरेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया, "राज्य सरकार पहले से ही हालात पर नजर रख रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन से इलाके प्रभावित हुए हैं या अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो प्रभावित हो सकते हैं। अभी तक कोई बुरा असर नहीं पड़ा है। CWC पानी के लेवल और डिस्चार्ज रेट पर नजर रख रहा है। राज्य सरकार ने हालात का रिव्यू किया है और जरूरत के हिसाब से राज्य के रिसोर्स को दूसरी जगह भेजते हुए और तैनाती की है। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने पहले ही फील्ड लेवल पर कार्रवाई की है और जागरूकता फैलाई है। भविष्य में होने वाले असर के लिए हालात पर नजर रखी जा रही है। हमारे पास रिजर्व टीमें मौजूद हैं। अगर जरूरत पड़ी, तो राज्य सरकार को बताया जाएगा और उन्हें तुरंत तैनात किया जा सकता है। कुशीनगर और पश्चिम चंपारण जैसे बॉर्डर वाले जिले, जिन पर असर पड़ सकता है। वहां पहले से ही नजर रखी जा रही है। गाजियाबाद में चार टीमें रिजर्व में रखी हैं। हम इन टीमों को इसलिए रखते हैं, ताकि अगर पड़ोसी देश में कोई घटना होती है और भारत मदद भेजने का फैसला करता है, तो हम रिक्वेस्ट पर उन्हें तुरंत तैनात कर सकें। भारत सरकार पहले से ही बड़े पैमाने पर राहत सामग्री दे रही है। एयर फ़ोर्स के दो एयरक्राफ़्ट के ज़रिए सप्लाई पहले ही पहुंचाई जा चुकी है, और विदेश मंत्रालय इन कामों को संभाल रहा है। हालांकि, बचाव टीमों को तैनात करने का फ़ैसला खास ज़रूरतों पर निर्भर करता है। अगर ज़रूरत पड़ी, तो हमने अपनी टीमें रिज़र्व में रखी हैं।"

  • 12:11 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    178 पहुंचा मृतकों का आंकड़ा

    नेपाल बढ़ा में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 178 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। टिमुरे से एब तक 116 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। कई इलाकों से अभी भी संपर्क टूटा हुआ है, रेस्क्यू टीमें वहां पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

  • 11:28 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    नेपाल में 800 से ज्यादा लोग लापता

    नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद 800 से ज्यादा लोग लापता हैं। इनमें लगभग 580 पर्यटक शामिल हैं। इनमें से 165 लोगों की मौत हो चुकी है, उनके शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन शवों की पहचान होना बाकी है। नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने कहा कि बुधवार को नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के कुछ हिस्सों में आई भयानक बाढ़ के बाद से 826 लोगों का संपर्क टूट गया है। लापता लोगों में 85 आर्म्ड फोर्स के जवान, अलग-अलग हाइड्रोपावर और कस्टम ऑफिस में काम करने वाले 162 स्टाफ मेंबर और 579 टूरिस्ट शामिल हैं। बुधवार को अचानक आई बाढ़ ने हिमालयी देश के तीन जिलों में तबाही मचा दी। इस बीच, चीन की सरकारी न्यूज़ एजेंसी शिन्हुआ ने गुरुवार को बताया कि चीन के तिब्बत ऑटोनॉमस रीजन में तीन लोगों की मौत हो गई और 588 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

  • 11:26 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने निकले पीएम बालेन शाह

    नेपाल के प्रधानमंत्री ऑफिस ने बताया है कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज सड़क के रास्ते बाढ़ प्रभावित इलाके नुवाकोट के लिए ऑन-साइट इंस्पेक्शन के लिए निकल गए हैं। पीएम आज मुख्य रूप से नुवाकोट में प्रभावित और आस-पास के इलाकों का इंस्पेक्शन करेंगे। उन्हें बाढ़ से हुए फिजिकल नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी बॉडीज और पब्लिक रिप्रेजेंटेटिव्स के साथ तुरंत राहत, ब्लॉक हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करने और ऑपरेशन के बारे में भी चर्चा की जाएगी।

  • 11:24 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    मदद सामग्री लेकर दूसरी फ्लाइट नेपाल रवाना

    विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि नेपाल के लिए 37.5 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामान, दवाइयां और खाने के पैकेट लेकर दूसरी फ्लाइट रवाना हो गई है। नेपाल में 300 से ज्यादा भारतीय लापता हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

  • 10:40 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    नेपाल में 300 से ज्यादा भारतीय लापता

    नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में 300 से ज्यादा भारतीय नगारिक लापता हैं। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनल ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यहां अब तक 165 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, सैकड़ों लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

  • 10:37 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    165 लाशें बरामद

    नेपाल-चीन बॉर्डर पर रसुवागढ़ी में भोटेकोशी बाढ़ पर नेपाल की नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने कहा, "बाढ़ वाले इलाकों से अब तक 165 लाशें बरामद की गई हैं। शवों की पहचान का काम जारी है।" नेपाल टूरिज्म बोर्ड के शुरुआती डेटा के मुताबिक, कुल 579 यात्री (466 विदेशी और 113 नेपाली) प्रभावित इलाके से लापता हैं।

  • 9:23 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    तिब्बत में 500 से ज्यादा लोग लापता

    चीन के सरकारी मीडिया का कहना है कि तिब्बत में बाढ़ के बाद 558 लोग लापता हैं, जबकि नेपाल में भी सैकड़ों लोग लापता हैं। बाढ़ की शुरुआत तिब्बत से ही हुई थी। इसका मलबा और पानी बहकर नेपाल आया और जमकर तबाही मचाई।

     

  • 9:16 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    चीन में भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन शुरू की

    चीन में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर तिब्बत-नेपाल बॉर्डर के इलाकों में अचानक आई बाढ़ में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए मदद पाने के लिए संपर्क करने की जानकारी दी। तिब्बत से शुरू हुई जबरदस्त बाढ़ ने मध्य नेपाल में कई कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जरूरी पुल बहा दिए और एक दर्जन हाइड्रोपावर प्रोजेक्टों को ठप कर दिया। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में हाल ही में आई बाढ़ को देखते हुए, आस-पास फंसे भारतीय नागरिक इन संपर्क बिंदुओं से मदद ले सकते हैं।" इसमें कहा गया है कि भारतीय नागरिक मौके पर मौजूद चीनी अधिकारियों से 0086 139 8999 0012 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। मिशन ने बताया कि वे बीजिंग में भारतीय दूतावास से 0086 185 1428 4905 नंबर पर और वाट्सऐप के जरिए और काठमांडू में भारतीय दूतावास से +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 नंबरों पर (इन दोनों पर WhatsApp के जरिए भी) संपर्क कर सकते हैं।

  • 8:36 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    अमित शाह ने दुख जताया

    गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "नेपाल में आई बाढ़ की विभीषिका अत्यंत दु:खद है। जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है। नेपाल में आई इस आपदा के संबंध में बिहार व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की। इसका प्रभाव जिन सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ सकता है, वहां के स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव की टीमों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।"

  • 8:35 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    कर्नाटक सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

    कर्नाटक सरकार ने नेपाल-तिब्बत बॉर्डर और तिब्बत ऑटोनॉमस रीजन के आस-पास के इलाकों में अचानक आई बाढ़ और उससे जुड़ी दिक्कतों को देखते हुए अपने स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का कॉन्टैक्ट नंबर 1070/080-22253707 जारी किया है। राज्य सरकार नेपाल और/या TAR में फंसे कर्नाटक के लोगों की जानकारी इकट्ठा कर रही है।

  • 7:52 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    नेपाल के चितवन में सबसे ज्यादा तबाही

    नेपाल में अब तक कुल 163 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 64 शव चितवन से मिले हैं।

    किस जिले से कितने शव मिले
    चितवन से 64
    धादिंग से 27
    नवलपरासी पूर्व से 26
    गोरखा जिले से 20
    नुवाकोट जिले से 12
    तनहु से 9
    रसुवा से 3
    नवलपरासी पश्चिम से 2 शव बरामद किए गए हैं

  • 7:26 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    महाराष्ट्र के सात पर्यटक फंसे

    महाराष्ट्र के सात टूरिस्ट नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बीच फंस गए हैं, नई रिपोर्ट्स के मुताबिक उनमें से चार सुरक्षित हैं। उन्होंने बुधवार रात को बताया कि बाकी तीन से संपर्क करने की कोशिशें चल रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य डिज़ास्टर मैनेजमेंट अधिकारियों ने चार टूरिस्ट से बातचीत की है, जिनमें मुंबई और पुणे के दो-दो टूरिस्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी राज्य के उन लोगों की लिस्ट बना रहे हैं, जो बाढ़ की वजह से नेपाल में फंस सकते हैं।

  • 6:52 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    नेपाल में तमिलनाडु के 37 लोग लापता

    तमिलनाडु के 57 लोग नेपाल यात्रा पर थे। इनमें से 37 लापता हैं। वही, 20 लोगों से संपर्क हो चुका है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टूरिस्ट हिमालय में एक मंदिर जा रहे थे। जिस इमिग्रेशन सेंटर से भारतीय पर्यटक लापता हुए हैं, उसका पूरा स्टार्फ संपर्क से बाहर है।

  • 6:47 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    नेपाल में कोलकाता के 32 लोग लापता

    बुधवार को नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद से कोलकाता का 32 लोगों का समूह लापता है। ये सभी लोग कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर आए थे। एक अधिकारी ने बताया कि 30 टूरिस्ट और दो टूर मैनेजर वाला यह ग्रुप 21 अगस्त को शहर से निकला था और अगले दिन नेपाल पहुंच गया। यह ग्रुप तिब्बत में जाने के लिए सुबह रासुवागढ़ी पहुंचा। इसके सदस्य सुबह करीब 8.30 बजे इमिग्रेशन ऑफिस में थे, जब नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के पास वाले इलाके में अचानक आई बाढ़ आ गई। अधिकारी ने बताया, "इलाके में अचानक आई बाढ़ के बाद से 32 सदस्यों में से किसी से भी कोई बातचीत नहीं हुई है।"

  • 6:41 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    यूएन के सेक्रेटरी ने जताया दुख

    यूनाइटेड नेशंस के सेक्रेटरी-जनरल एंटोनियो गुटेरेस ने नेपाल और चीन में आई भयंकर बाढ़ पर गहरा दुख जताया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई है, कई लोग लापता हैं और बहुत ज्यादा तबाही हुई है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, "मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं, और घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं। मेरी एकजुटता उन सभी लोगों के साथ है, जो प्रभावित हुए हैं। नेपाल में, UN सरकार के नेतृत्व वाली कार्रवाई का समर्थन कर रहा है। UN की टीमें और मानवीय पार्टनर बाढ़ से प्रभावित समुदायों की मदद के लिए सामान और लोगों को इकट्ठा कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश