1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. जलगांव के अमलनेर में एक ही परिवार के 4 लोगों ने ट्रेन के नीचे कूदकर किया सुसाइड, मचा हड़कंप

जलगांव के अमलनेर में एक ही परिवार के 4 लोगों ने ट्रेन के नीचे कूदकर किया सुसाइड, मचा हड़कंप

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 27, 2026 10:18 am IST,  Updated : Aug 27, 2026 10:53 am IST

जलगांव में अमलनेर तालुका के टकरखेड़ा गांव के एक पति-पत्नी ने खुद को और अपने दो बच्चों को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जांच करती पुलिस। दूसरी तस्वीर में मृतक पति-पत्नी- India TV Hindi
जांच करती पुलिस। दूसरी तस्वीर में मृतक पति-पत्नी Image Source : REPORTER

जलगांव जिले के अमलनेर तालुका के टाकरखेड़ा में 27 अगस्त की सुबह एक ही परिवार के 4 लोगों ने चलती ट्रेन के नीचे कूदकर सुसाइड कर लिया। वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने सुबह 4:40 बजे अमलनेर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय निकम की देखरेख में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा किया।

एक झटके में खत्म हो गया पूरा परिवार

मृतकों की पहचान सुनील अमृत भील (पति), पार्वती भील (पत्नी), सनी (दूसरी क्लास में पढ़ने वाला बड़ा बेटा) और राज (आंगनवाड़ी जाने वाला छोटा बेटा) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, भील परिवार सुबह करीब 4 बजे अचानक अपने घर से निकला था। उसके बाद, उन्होंने धरनगांव और अमलनेर के बीच रेलवे लाइन पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।

पारिवारिक झगड़े की आशंका

शुरुआती चर्चाओं के अनुसार, शक है कि यह सुसाइड पारिवारिक झगड़े की वजह से हुआ होगा, लेकिन सुसाइड का सही और ऑफिशियल कारण जानने के लिए पुलिस पूरी जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों और उनके माता-पिता की मौत से पूरे टाकरखेड़ा इलाके और जलगांव जिले में दुख की लहर है।

इससे पहले अभी हाल में ही छत्रपति संभाजीनगर ज़िले में एक पहाड़ी से कूदकर 19 साल के एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी। उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई, जबकि दोनों को गिरते देख उसकी मां ने भी छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना वालुज MIDC पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले तिसगांव इलाके की खावड्या पहाड़ी पर हुई।

पुलिस ने महिला को खुदकुशी करने से रोका  

वहीं, लातूर जिले में बुधवार को आपातकालीन नंबर '112' पर आए एक फोन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उदगीर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक शादीशुदा महिला को खुदकुशी करने से रोक लिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को सुबह-सुबह फोन आया कि घरेलू विवाद के बाद एक महिला बनशेलकी बांध में कूदकर अपनी जान देने जा रही है।

सूचना मिलते ही उदगीर ग्रामीण थाने के पुलिसकर्मी फारूक शेख सुबह सात बजे तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को यह आत्मघाती कदम न उठाने के लिए समझा-बुझाकर राजी कर लिया। इस दौरान महिला के पति और भाई भी वहां पहुंच गए थे। इसके बाद महिला को पास के पुलिस थाने ले जाया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी और उसका पति उसका हाल-चाल नहीं ले रहा था, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।  

रिपोर्टः नरेंद्र कदम

रिपोर्टः मुंबई में अजब-गजब! महिला 10वीं मंजिल से कूदी और पेड़ पर अटक गई, टूट गया बायां पैर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।