छत्तीसगढ़ में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के बड़े भाई गुरु ढाल दास साहेब ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु बालदास के सबसे बड़े बेटे गुरु ढाल दास साहेब के कांग्रेस में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने खुशी जताई है। उन्होंने ढाल दास को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। बता दें कि ढाल दास के परिवार की सतनामी समाज में पकड़ काफी मजबूत है और उनके बड़े भाई गुरु खुशवंत कैबिनेट मिनिस्टर हैं, ऐसे में कांग्रेस उनके पार्टी में आ जाने से काफी उत्साहित नजर आ रही है। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद ढाल दास ने कहा कि स्वतंत्र भारत में सभी आजाद हैं और मैं अब कांग्रेस में शामिल हो गया हूं। कांग्रेस ज्वाइन करने से पहले मैंने भाई और पिता जी से कोई बात नहीं कीहै।

भूपेश बघेल ने किया ट्वीट
पोला तिहार पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुशी जताते हुए कहा कि गुरु ढाल दास के शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी और पार्टी अपने सिद्धांतों पर मजबूती से आगे बढ़ेगी।भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, शुरुआत हो चुकी है...सब मिलकर BJP को हटाएंगे।
एक भाई भाजपा, दूसरा कांग्रेस में
ढाल दास राज्य की विष्णु देव साय की सरकार में कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता गुरु खुशवंत साहेब के बड़े भाई हैं। ऐसे में एक ही प्रभावशाली धार्मिक-राजनीतिक परिवार के दो सदस्यों का अलग-अलग दलों में होना प्रदेश की राजनीति में चर्चा का मुख्य केंद्र बन गया है।

छत्तीसगढ़ का सियासी समीकरण
सियासी समीकरण देखें तो छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 20 सीटों पर सतनामी समाज का दबदबा माना जाता है। इसके साथ ही राज्य की आबादी में अनुसूचित जाति की हिस्सेदारी करीब 14 प्रतिशत है। इस वर्ग की अधिकांश आबादी सतनामी समाज बाबा गुरु घासीदास द्वारा स्थापित सतनामी संप्रदाय में बहुत आस्था रखती है। राज्य में भले ही चुनाव में अभी बहुत वक्त है, लेकिन अभी से सियासी उठापटक शुरू हो चुकी है और सामाजिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए कांग्रेस में उनका जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
(छत्तीसगढ़ से सिकंदर खान की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
गरबा में मुसलमानों की एंट्री पर रोक लगाने की विहिप की मांग का केंद्रीय मंत्री आठवले ने किया विरोध, बताई वजह