1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ट्रेन हादसा, 11 लोगों की मौत, अब सामने आया एक्सीडेंट का कारण

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ट्रेन हादसा, 11 लोगों की मौत, अब सामने आया एक्सीडेंट का कारण

 Reported By: Anamika Gaur Edited By: Subhash Kumar
 Published : Nov 05, 2025 12:38 pm IST,  Updated : Nov 05, 2025 12:38 pm IST

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को बड़ा ट्रेन हादसा देखने को मिला था। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी। बुधवार को अधिकारियों ने इस हादसे का कारण बताया है।

chhattisgarh Bilaspur train accident- India TV Hindi
बिलासपुर में रेल हादसा। Image Source : PTI

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ था। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के करीब एक रेलगाड़ी कथित तौर पर रेड सिग्नल तोड़ते हुए आगे निकल गई और एक मालगाड़ी के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। इस घटना में अब तक 11 यात्रियों की मौत हो गई है और 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। अब बुधवार को इस हादसे का कारण भी सामने आ गया है।

क्या था हादसे का कारण?

प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए ट्रेन नंबर 68733 (मेमू लोकल) हादसे के पीछे का मुख्य कारण लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलट द्वारा खतरे के सिग्नल पर ट्रेन को नियंत्रित करने में विफल रहने को बताया गया है। बता दें कि इस दुर्घटना में दोनों लोको पायलट बुरी तरीके से घायल हुए हैं। ज्वाइंट नोट में उल्लेख है कि मोटर कोच के अंदर लोको पायलट और सहायक लोको पायलट घायल अवस्था में पाए गए।

  • AJ-5 ऑटो सिग्नल 15:31:29 बजे लाल स्थिति में था।
  • ट्रेन 15:50:38 बजे एजे-5 को लाल पहलू से पार कर गई और कब्जे वाले सेक्शन ए हेड में प्रवेश कर गई।
  • ''ट्रेन संख्या 68733 के चालक दल को ट्रेन को सही समय और सही तरीके से नियंत्रित नहीं करने के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है। खतरे के संकेत से पहले की स्थिति और प्रतिबद्ध SPAD मामला।”

कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रेल हादसे की यह घटना मंगलवार शाम लगभग 4 बजे हुई थी। तब मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) पैसेंजर ट्रेन गेवरा (पड़ोसी कोरबा जिले में) से बिलासपुर जा रही थी। अधिकारियों ने बताया है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री रेलगाड़ी का एक कोच मालगाड़ी के एक डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि यात्री गाड़ी रेड सिग्नल तोड़ते हुए आगे बढ़ गई और इसने 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। घायल यात्रियों को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल, छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मालगाड़ी का गार्ड आखिरी समय में कूद गया, उसे मामूली चोटें आईं है। 

पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान

रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है, जबकि मामूली रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर दुख जताया है तथा मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें- बिलासपुर रेल हादसे के तुरंत बाद का वीडियो आया सामने, अफरा-तफरी में डिब्बे से बाहर कूदने लगे लोग

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा, लोकल ट्रेन और मालगाड़ी में भिड़ंत, 9 लोगों की मौत, 13 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।