छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। झांसी-ललितपुर हाईवे पर तालबेहट के पास उनकी इनोवा कार खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसे में प्रदेश अध्यक्ष और उनका चालक घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तालबेहट के पास उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
किरण सिंह देव को आई पैर और कूल्हे में चोट
हादसे में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और उनका चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस के अनुसार, बीजेपी नेता के पैर और कूल्हे में चोट आई हैं। एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
बागेश्वर धाम से लौट रहे थे
बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने बताया कि किरण सिंह देव परिवार के साथ बुंदेलखंड घूमने आए थे। उन्होंने मध्य प्रदेश में बागेश्वर धाम, राजा राम मंदिर ओरछा और दतिया स्थित मां पीतांबरा के दर्शन किए। दर्शन के बाद वे रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ललितपुर के तालबेहट के आगे उनकी कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई। केवल किरण सिंह देव के कूल्हे में चोट है।
डॉक्टर्स ने दी ये जानकारी
झांसी मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष के शरीर में बाहरी चोट नहीं दिखी है। उनके पैर और कमर में अंदरूनी चोट है। सीटी स्कैन समेत अन्य जरूरी जांचें कराई जा रही हैं। हादसे में उनके साथ मौजूद अन्य किसी व्यक्ति को इलाज की आवश्यकता नहीं पड़ी।
किरण सिंह देव के इलाज के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। चूंकि उनकी शुगर लेवल भी बढ़ा हुआ मिला, इसलिए उन्हें तत्काल आवश्यक दवाएं और दर्द निवारक दवाएं दी गई हैं। अब जानकारी मिल रही है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को एयरलिफ्ट कर छत्तीसगढ़ ले जाया जाएगा।
बता दें कि किरण सिंह देव 2023 से ही छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हैं। बीजेपी ने 17 जनवरी, 2025 को एक बार फिर से किरण सिंह देव को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। राज्य विधानसभा में जगदलपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले देव 25 साल से ज़्यादा समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं। छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले श्री देव ने जगदलपुर नगर निगम के मेयर रहने के अलावा संगठन में कई ज़िम्मेदारियां भी निभाई हैं।
रिपोर्ट- आकाश राठौड़, झांसी
ये भी पढ़ेंः प्यार ने बदला कैडर! कानपुर की IPS अंजलि विश्वकर्मा का छत्तीसगढ़ तबादला, आईपीएस पति के साथ होंगी तैनात