1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. सैम पित्रोदा के बयान पर भड़के छत्तीसगढ़ के सीएम, कहा- ‘कांग्रेस देश के दुश्मनों के साथ है’

सैम पित्रोदा के बयान पर भड़के छत्तीसगढ़ के सीएम, कहा- ‘कांग्रेस देश के दुश्मनों के साथ है’

 Published : Feb 18, 2025 04:26 pm IST,  Updated : Feb 18, 2025 04:26 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सैम पित्रोदा के चीन पर दिए बयान की आलोचना की और आरोप लगाया कि कांग्रेस का ‘हाथ’ अलगाववादियों और दुश्मनों के साथ है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा, क्या वह इस बयान के बाद पित्रोदा को पार्टी से निकालेगी?

Sam Pitroda, Vishnu Deo Sai, Vishnu Deo Sai Sam Pitroda- India TV Hindi
विष्णु देव साय और सैम पित्रोदा। Image Source : FILE

रायपुर: ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के चीन पर दिए बयान पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को पित्रोदा के चीन पर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पित्रोदा के बयान से अब यह साफ हो गया है कि कांग्रेस का ‘हाथ’ अलगाववादियों और देश के दुश्मनों के साथ है। उन्होंने कांग्रेस से यह भी पूछा कि यदि वह अपने नेता पित्रोदा के बयान से सहमत नहीं है तो क्या वह उन्हें पार्टी से निकालेगी?

‘देश को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं’

साय ने एक बयान में कहा, 'कांग्रेस के ‘हाथ’ सीधे तौर पर अलगाववादियों, देश के दुश्मनों के साथ हैं। कांग्रेस के विदेशी विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा को शायद देश के दुश्मनों का हाथ मजबूत करने के लिए ही रखा गया है। पित्रोदा ने पहले भारतीय नस्ल को अपमानित किया, अब वह लगातार भारत के बारे में अलग-अलग मंचों पर दुष्प्रचार कर रहे हैं और देश को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं, जो कांग्रेस की अघोषित नीति है।' मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पित्रोदा के बयान को उनके निजी विचार बताना कांग्रेस की पूर्वनियोजित नीति है।

‘क्या कांग्रेस पित्रोदा को पार्टी से निष्कासित करेगी?’

साय ने कहा, ‘पहले अपने नेताओं से बयान दिलवाकर देश के दुश्मनों को खुश करो और फिर उन्हें व्यक्तिगत टिप्पणियां कहो।’ बीजेपी नेता ने दावा किया कि ये सभी बयान संबंधित देश की सत्तारूढ़ पार्टी के साथ कांग्रेस के आधिकारिक समझौते के कारण दिए गए हैं। उन्होंने कहा,'यदि कांग्रेस सैम के बयान से सहमत नहीं है तो क्या वह उन्हें पार्टी से निष्कासित करेगी? अगर उन्हें बर्खास्त नहीं किया जाता है तो यह साबित होगा कि पार्टी आलाकमान के इशारे पर ही देश को कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है। यह निंदनीय है। इसे कतई सहन नहीं किया जा सकता।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।